टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी मानी एक्ट्रेस सोनाली चक्रवर्ती का निधन हो गया है। सोनाली चक्रवर्ती बीते कई दिनों से बीमार चल रही थीं और कोलकाता के सिटी अस्पताल में भर्ती थीं, जहां 31 अक्टूबर की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
सोनाली अभिनेत्री सोलंकी रॉय और गौरब चटर्जी की मुख्य जोड़ी के रूप में अभिनीत बंगाली मेगा धारावाहिक गतचोरा (Gaatchora) का हिस्सा थीं। सोनाली ने इस सीरियल में सोलंकी की चाची की भूमिका निभाई।
उनके निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। तमाम एक्टर्स उनके जाने पर दुख व्यक्त कर रहे हैं। वर्षों से टॉलीवुड की वरिष्ठ अभिनेत्री रहीं सोनाली ने कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में काम किया। उनकी एक्टिंग और किरदार के लिए उन्हें हर तरफ से सराहना मिली। उन्होंने कई बंगाली फिल्मों और सीरियल में काम किया था। साल 2002 में आई फिल्म ‘हार जीत’ में भी काम किया था। इस फिल्म में दर्शकों ने उनकी एक्टिंग को काफी सराहा था।इसके अलावा फिल्म ‘बंधन’ में भी उन्होंने काम किया था।
सोनाली चक्रवर्ती ने बीते कुछ दिनों से बीमार होने के कारण सिल्वर स्क्रीन से अपनी दूरी बनाना शुरू कर दिया था। उन्हें इस साल की शुरुआत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रिपोर्ट्स की मानें तो एक्ट्रेस क्रोनिक लिवर डिजीज से ग्रसित थीं। एक्ट्रेस के निधन की जानकारी उनके पति शंकर चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया पर दी।
सोनाली के पति ने अगस्त में भी सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी थी। कि उनके लिवर में प्रॉब्लम है। उनके पेट में पानी भर गया था, इसके साथ ही अन्य भी कई समस्याएं थीं। जिसका लंबे समय से इलाज चल रहा था। हालांकि तब सोनाली ठीक होकर घर लौट गई थीं।
पश्चिम बंगाल मोशन पिक्चर आर्टिस्ट्स फोरम ने दिग्गज अभिनेत्री की मौत की खबर पर दुख व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कहा कि सोनाली के अंतिम संस्कार का समय भी बताया। एक्ट्रेस का अंतिम संस्कार केओराटोला श्मशान घाट में किया गया।
आपको बता दें कि करीब डेढ़ महीने पहले ही टीवी सीरियल ‘कबूल है’ और ‘इश्कबाज’ एक्ट्रेस निशी सिंह भादली का निधन हो गया था। निशी भी काफी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। पहले उन्हें पैरालाइसिस अटैक आया था, जिसके बाद वो कभी ठीक नहीं हो पाईं।