बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन की बहन नूपुर सेनन और सिंगर स्टेबिन बेन ने लगभग चार साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद इसी साल जनवरी में शादी कर ली। शादी के बाद यह कपल मुंबई के अपने एक सी-फेसिंग ड्रीम हाउस में शिफ्ट हो गया। इस बिल्डिंग में उनके पड़ोसी भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी, एक्ट्रेस नेहा धूपिया और सिंगर गुरु रंधावा हैं। चलिए अब आपको नूपुर और स्टेबिन के बांद्रा वाले इस खूबसूरत घर की कुछ इनसाइड तस्वीरें दिखाते हैं और उनके बारे में बताते हैं।
नूपुर सेनन ने रीमॉडल किया है घर
कर्ली टेल्स से बात करते हुए स्टेबिन बेन ने बताया कि उनके घर को उनकी पत्नी नूपुर सेनन ने खुद रीमॉडल किया है। सिंगर ने कहा, “इस घर में बहुत सारे इनपुट नूपुर के थे। 70% नूपुर का है और 30% मेरा योगदान।”
यह भी पढ़ें: एआर रहमान के बेटे अमीन का हुआ एक्सीडेंट, खुद चला रहे थे पोर्श, जांच में जुटी पुलिस
ऑल-व्हाइट है घर का लिविंग रूम
अपने ऑल-व्हाइट लिविंग रूम को दिखाते हुए स्टेबिन ने बताया, “दो साल पहले जब मैं किराए पर घर ढूंढने यहां आया था, तो मुझे यहां का व्यू बहुत पसंद आया था। खासकर रीक्लेमेशन से वर्ली की तरफ का नजारा। मुझे यह बहुत पसंद आया और मैं इसे खरीदना चाहता था।” फिर नूपुर भी घर देखकर काफी चौंक गई थीं। एक्ट्रेस ने कहा, “जब उन्होंने मुझे घर दिखाया, तो मैंने उनसे कहा कि इसका व्यू मुंबई जैसा नहीं लगता, कभी-कभी तो यह दुबई जैसा लगता है।”

नूपुर और स्टेबिन के घर का लिविंग एरिया काफी बड़ा है। घर में दो बड़ी शेल्फ हैं, जिनमें कई अवॉर्ड्स रखे हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ एक खूबसूरत व्हाइट पियानो रखा है, जो घर के पूरे कलर पैलेट से मैच करता है। नूपुर और स्टेबिन अक्सर साथ में पियानो बजाते और गाने गाते हुए क्वालिटी टाइम बिताते हैं।
लिविंग रूम से ही हॉल के दूसरे हिस्से में जाया जा सकता है, जहां एक बड़ी डाइनिंग टेबल और न्यूट्रल कलर की दीवारें हैं। टेबल के एक तरफ हरे रंग की कुर्सियां हैं, जबकि दूसरी तरफ क्लासिक ब्लैक एंड व्हाइट सोफा रखा गया है।
बालकनी से दिखता है बेहद खूबसूरत नजारा
नूपुर और स्टेबिन की बालकनी से बेहद खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। कांच के बड़े दरवाजे सीधे डेक एरिया में खुलते हैं, जहां कई पौधे और दीवारों पर हरी बेलें लगी हुई हैं। यहां बैठने के लिए एक आरामदायक जगह भी है, जिसे ब्लैक एंड व्हाइट थीम में सजाया गया है।

घर में दिखती है दो संस्कृतियों की झलक
नूपुर और स्टेबिन के घर में एक छोटा प्राइवेट पूल भी है। वहीं, अपने घर के बारे में बात करते हुए कपल ने बताया कि वे अक्सर बालकनी में साथ बैठकर समय बिताते हैं और सी-फेसिंग व्यू का आनंद लेते हैं। यहां से पूरा शहर और वर्ली की पूरी स्काईलाइन दिखाई देती है।
नूपुर सेनन और स्टेबिन बेन के मुंबई वाले घर में पंजाबी और मलयाली दोनों संस्कृतियों की झलक देखने को मिलती है, खासकर खाने में। दोनों ने बताया कि उनके घर में संडे ब्रंच के दौरान एक ही समय पर सांभर-उत्तपम और छोले भटूरे बनते हैं। कपल के घर के किचन की बात करें, तो उसे पेस्टल ब्लू और व्हाइट कलर की थीम में सजाया गया है।

घर में ही बना है म्यूजिक स्टूडियो
स्टेबिन ने अपने म्यूजिक स्टूडियो भी दिखाया। यहां वह अपने गाने रिकॉर्ड करते हैं। ब्लैक थीम वाले इस कमरे की दीवारों पर आइकॉनिक CDs और DVDs के कवर लगाए गए हैं। सिंगर ने अपने कई म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट्स भी दिखाए, जिनमें गिटार और पियानो शामिल हैं।

