हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत प्रभास की आगामी फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान कथित तौर पर कीड़े के काटने के बाद बिगड़ गई है। संक्रमण बढ़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने मामले की तत्काल जांच की मांग की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान राजेश शर्मा को किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी ने काट लिया था। शूटिंग खत्म होने के बाद वह कोलकाता लौट गए, लेकिन यात्रा के दौरान उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। उन्हें तेज बुखार, बेचैनी और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। इसके बाद उन्हें कोलकाता के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके दाहिने पैर में संक्रमण तेजी से फैलने की बात सामने आई। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
AICWA ने उठाए गंभीर सवाल
घटना के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स ने तेलंगाना सरकार से मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। संगठन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा कि यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि सेट पर पर्याप्त मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध थीं या नहीं और अभिनेता की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया।
संगठन ने यह भी मांग की है कि यदि जांच में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही फिल्म के निर्माता और प्रोडक्शन हाउस राजेश शर्मा के इलाज का पूरा खर्च उठाएं और उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था करें।
परिवार ने बताया कैसे हुआ हादसा
अभिनेता के परिवार की ओर से अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, शूटिंग के बाद राजेश शर्मा स्थानीय तकनीशियनों से बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान घनी झाड़ियों वाले इलाके में उन्हें किसी कीड़े ने काट लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य घटना समझा, लेकिन बाद में उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ती चली गई।
यह भी पढ़ें: जिस फिल्म को खरीदने से कतराए थे डिस्ट्रीब्यूटर, वही बनी गुरु दत्त की सबसे बड़ी क्लासिक
कई यादगार फिल्मों का रहे हैं हिस्सा
राजेश शर्मा हिंदी सिनेमा के चर्चित चरित्र अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने ‘खोसला का घोसला’, ‘नो वन किल्ड जेसिका’, ‘चिल्लर पार्टी’, ‘इश्किया’, ‘स्पेशल 26’ और ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ जैसी कई फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाई है। हाल ही में वह अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ में नजर आए थे।
