कार्तिक आर्यन ने शेयर की कुर्ता फाड़ होली की तस्वीर, पहचान पाना मुश्किल
कार्तिक आर्यन कॉलेज के दिनों में बहुत ही शर्मिले शख्स रहे हैं। एक्टर ने तस्वीर के साथ लिखा, 'हमेशा से एक शर्मिला लड़का रहा और यहां अनीस सर होली खेलने ही नहीं दे रहे।

पूरे देश में होली (Holi 2020) की धूम है। देश के अलग-अलग राज्यों में होली खेलने की अपनी ही लोक परंपरा है। लेकिन उत्तर भारत में कुर्ता फाड़ होली खेली जाती है। बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) ने भी अपने सोशल अकाउंट इंस्टाग्राम पर होली की एक ऐसी ही तस्वीर साझा की है जिसमें वह दोस्तों संग कुर्ता फाड़ होली खेलते नजर आ रहे हैं। दरअसल कार्तिक आर्यन की यह तस्वीर कॉलेज के दिनों की है।
इस तस्वीर में कार्तिक अपने दोस्तों के बीच में घिरे हैं। वह तस्वीर में शर्टलेस नजर आ रहे हैं। वहीं बाकी के दोस्त भी इसी रूप में दिखाई दे रहे हैं। किसी के हाथ में भांग भरे गिलास है तो किसी के हाथ में फटे कपड़े। कार्तिक आर्यन ने हॉस्टल के दिनों में खेले होली को याद करते हुए यह तस्वीर शेयर की है। अपने फैंस को होली की शुभकामनाएं देते हुए कार्तिक आर्यन ने लिखा, ‘बुरा ना मानो होली है!! हॉस्टल की होली।’
कार्तिक आर्यन कॉलेज के दिनों में बहुत ही शर्मिले शख्स रहे हैं। एक्टर ने तस्वीर के साथ लिखा, ‘हमेशा से एक शर्मिला लड़का रहा और यहां अनीस सर होली खेलने ही नहीं दे रहे। होली की शुभकामनाएं।’ कार्तिक आर्यन की इस तस्वीर पर फैंस जी भर कर अपना प्यार लुटा रहे हैं। और होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
गौरतलब है कि कार्तिक आर्यन इन दिनों लखनऊ में हैं। वह अपनी फिल्म ‘भूल भुलैया 2’ (Bhool Bhulaiyaa 2) की शूटिंग में व्यस्त हैं। हाल ही में वह इम्तियाज अली की फिल्म लव आजकल 2 में सारा अली खान के साथ नजर आए थे। इस फिल्म के प्रोमोशन के दौरान उनके हाथ में चोट आ गई थी जिसके चलते वह होली सेलिब्रेशन के मजे नहीं उठा पा रहे हैं। लखनऊ में ‘भूल भुलैया 2’ की शूटिंग को लेकर कार्तिक काफी उत्साहित थे। उन्होंने लिखा था कि यहां का खाना काफी पसंद है।