अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन ने 20 अप्रैल को अपनी शादी की 19वीं सालगिरह साथ मनाई। पिछले कुछ सालों में जिनकी शादी पर कई तरह की अटकलें लगाई गईं, अब ऐसा लग रहा है कि इस स्टार कपल ने मुश्किल दौर को पीछे छोड़कर नई शुरुआत की है। 19 साल के इस सफर को याद करते हुए अभिषेक ने इसे सपना बताया, जबकि ऐश्वर्या ने उन्हें सोलमेट कहा।
डेक्कन क्रॉनिकल को दिए इंटरव्यू में अभिषेक ने बताया कि उनकी और ऐश्वर्या की पहली मुलाकात साल 2000 में ‘ढ़ाई अक्षर प्रेम के’ के सेट पर हुई थी, जिसे राज कंवर ने डायरेक्ट किया था। उस वक्त उनके बीच सिर्फ दोस्ती थी।
अभिषेक ने कहा, “तब हमें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि आगे क्या होने वाला है। हम अच्छे दोस्त थे, लेकिन क्या मुझे लगा था कि वो मेरी सोलमेट हैं? नहीं!” इसके बाद दोनों ‘कुछ ना कहो’ में फिर साथ आए, लेकिन तब भी उनका रिश्ता पूरी तरह प्रोफेशनल ही रहा।
साल 2007 में दोनों ने मुंबई में ग्रैंड शादी की, और उसी दौरान उनकी फिल्म ‘गुरु’ रिलीज हुई। इस फिल्म के निर्देशक मणि रत्नम को दोनों अपने लिए बेहद खास मानते हैं।
अभिषेक ने कहा, “हमारी फिल्म ‘गुरु’ के रिलीज के कुछ महीनों बाद हमने शादी की। मणि रत्नम हमारे लिए बहुत खास हैं। आज ऐश सिर्फ मेरी बेटी की मां ही नहीं हैं – और आराध्या को अच्छे संस्कार देने का पूरा श्रेय उन्हें जाता है-बल्कि वो मेरी सोलमेट भी हैं। हमारी शादी के 19 साल किसी सपने जैसे रहे हैं। 20वीं सालगिरह के लिए मेरे बड़े प्लान हैं, लेकिन अभी नहीं बताऊंगा।”
जब उनसे सफल शादी का राज पूछा गया, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “हर रात सोने से पहले अपनी पत्नी से तीन बार ‘सॉरी’ जरूर कहो।”
तलाक की अफवाहें और सच्चाई
पिछले कुछ समय से अभिषेक और ऐश्वर्या के अलग होने की अफवाहें तब तेज हो गई थीं, जब जुलाई 2024 में एक हाई-प्रोफाइल शादी में दोनों अलग-अलग पहुंचे थे। इसके बाद अभिषेक ने इंस्टाग्राम पर “ग्रे डिवोर्स” से जुड़ी एक पोस्ट लाइक की, जिससे चर्चाओं को और हवा मिली।
यह भी पढ़ें: पिता अमिताभ की फिल्म ‘दीवार’ के एक सीन ने बदली अभिषेक बच्चन की सोच, बताई इन बिजनेस में निवेश की असली वजह
इस पोस्ट में लंबे समय से शादीशुदा कपल्स के अलग होने और “क्यों प्यार आसान नहीं रहता” जैसे सवाल उठाए गए थे। हालांकि, पिछले साल कान्स फिल्म फेस्टिवल में ऐश्वर्या ने सिंदूर लगाकर इन अफवाहों को लगभग खत्म कर दिया था। उन्होंने बिना कुछ कहे ही अपनी शादी को लेकर चल रही चर्चाओं का जवाब दे दिया।
पिछले कुछ महीनों में यह कपल कई मौकों पर साथ नजर आया है, जिसमें सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी भी शामिल है, जहां दोनों ने साथ में शिरकत की।
