साल 1975 में रिलीज हुई अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘दीवार’ को लोगों ने काफी पसंद किया। इसकी कहानी, ‘विजय’ का किरदार आज भी बहुत से लोगों के दिलों में बसा हुआ है। अब इसी से जुड़ा एक किस्सा अभिषेक बच्चन ने बताया है कि कैसे उनके पिता की इस फिल्म के एक सीन ने उन्हें प्रभावित किया। दरअसल, ‘दीवार’ में बिग बी का किरदार ‘विजय’ एक बिल्डिंग खरीदता है, भले ही यह सौदा समझदारी भरा न लगे।

लेकिन उसके पीछे वजह पैसे नहीं, बल्कि भावनाएं होती हैं। बचपन में उसने अपनी मां को उसी इमारत पर मजदूरी करते देखा था। इसलिए वह उस इमारत को खरीदकर अपनी मां को तोहफे में देता है। यह सीन आज भी लोगों को बहुत पसंद आता है और तालियां बटोरता है। इसका असर सिर्फ दर्शकों पर ही नहीं, बल्कि अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक पर भी पड़ा। उन्होंने फोर्ब्स इंडिया से बातचीत में इसके बारे में बताया।

यह भी पढ़ें: Box Office Report: 2026 के पहले 3 महीने में रिलीज हुईं 13 से ज्यादा फिल्में, 1 ब्लॉकबस्टर तो बाकी रहीं एवरेज

क्या बोले अभिषेक बच्चन

जब अभिषेक से उनके बिनेस वेंचर्स के बारे में पूछा गया, तो एक्टर ने ‘दीवार’ के उस खास सीन को याद करते हुए कहा कि उसने उन पर एक अमिट छाप छोड़ी। अभिषेक ने कहा, “उस दृश्य ने मुझे यह सिखाया कि बिजनेस के पीछे भावनाएं भी होती हैं, यह सिर्फ बैलेंस शीट के बारे में नहीं होता। यही बात मेरे हर फैसले का एक अहम हिस्सा बन गई। अगर आपका दिल किसी काम में नहीं लगता, तो उसे करने का क्या फायदा?”

यह सोच उनके असली जीवन के निवेश फैसलों में भी साफ नजर आती है। अभिषेक बच्चन ने स्विग्गी और जेप्टो जैसे बिजनेस में निवेश किया है। जब उनसे पूछा गया कि उन्हें इन कंपनियों में क्या खास लगा, तो उनका जवाब बेहद सीधा था, “मैं पहले भी कह चुका हूं, इन्होंने मुझे समय पर मेरा मिसल पाव पहुंचाया। बात इतनी सी है कि मुझे उनका प्रोडक्ट इस्तेमाल करना अच्छा लगा।

इसने मेरी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बना दिया। आप लोग जो कर रहे हैं, वह हमारी जिंदगी को बहुत सुविधाजनक बना रहा है। बस इसी वजह से मुझे यह पसंद आया। फिर मैंने सोचा कि मैं भी किसी तरह इसका हिस्सा बन सकता हूं? उन्होंने मुझे यह मौका दे दिया।”

यह भी पढ़ें: राम गोपाल वर्मा का बयान: दाऊद इब्राहिम की वजह से बनी मेरी पहचान, अंडरवर्ल्ड ने नहीं दी कभी धमकी