बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन (Abhishek Bachchan) आज अपना 47वां बर्थडे सेलीब्रेट कर रहे हैं। अभिनेता ने एक्टिंग की दुनिया में फिल्म ‘रिफ्यूजी’ से कदम रखा था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। स्टार किड होने के बावजूद अभिषेक के लिए इंडस्ट्री में राहें आसान नहीं रहीं। एक के बाद एक कई फिल्में फ्लॉप होने के बाद भी अभिषेक बच्चन ने हार नहीं मानी और आगे बढ़ते गए।
आखिरकार अभिषेक अपनी पहचान बनाने में सफल रहे। फ़िल्मी करियर के साथ-साथ अभिषेक बच्चन की लव-लाइफ भी खूब चर्चा में रही। यूं तो अभिषेक का नाम कई एक्ट्रेस के साथ जुड़ा लेकिन साल 2007 में जूनियर बच्चन ने लाखों दिलों पर राज करने वाली एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय को अपना जीवन साथी बनाया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अभिषेक बच्चन ने ऐश्वर्या को नकली अंगूठी पहना कर प्रपोज किया था। आज अभिनेता के जन्मदिन के मौके पर हम आपको यह किस्सा बताने जा रहे हैं।
ऐसे हुई थी ऐश्वर्या अभिषेक की मुलाकात
अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय की पहली बार मुलाकात साल 1997 में स्विट्जरलैंड में हुई थी। यहां ऐश्वर्या फिल्म और प्यार हो गया की शूटिंग कर रही थीं और यहीं दोनों पहली बार मिले। इसके बाद साल 1999 में फिल्म ढाई अक्षर प्रेम के एक फोटोशूट के सिलसिले में मिले थे। अभिषेक ने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया था कि फोटोशूट के लिए दोनों मिले थे। फिर दोनों को साथ रहना अच्छा लगने लगा। फिल्म रिलीज के बाद दोनों की दोस्ती मजबूत हुई। इस फिल्म के बाद साल 2003 में कुछ ना कहो में भी स्क्रीन शेयर की।
इस समय तक दोनों केवल दोस्त थे। साल 2005 में अभिषेक और ऐश्वर्या ने एक बार फिर साथ फिल्म बंटी और बबली में काम किया, हालांकि इस फिल्म में ऐश केवल कजरा रे गाने में थीं। लेकिन इस गाने की शूटिंग के दौरान दोनों एक- दूसरे को पसंद करने लगे। इसके बाद दोनों ने फिल्म उमराव जान, गुरू और धूम 2 में साथ काम किया और फिल्म के समय दोनों को साथ में बहुत समय मिला और दोनों को प्यार हो गया।
अभिषेक ने किया ऐश्वर्या को प्रपोज
12 जनवरी 2007 को दोनों की फिल्म गुरू रिलीज हई थी लेकिन इससे पहले फिल्म के प्रीमियर के लिए वो न्यूयॉर्क में थे। इस दौरान अभिषेक ने ऐश्वर्या से अपने प्यार का इजहार किया था। अभिषेक ऐश्वर्या को अपने होटल की बालकनी में ले गए और उन्होंने ऐश को शादी के लिए प्रपोज किया। हालांकि अभिषेक को इस दौरान काम में व्यस्त होने के चलते रिंग खरीदने का टाइम नहीं मिला था इसलिए उन्होंने किसी रिंग से नहीं बल्कि फिल्म की शूटिंग में यूज हो रही नकली रिंग से ऐश्वर्या को प्रपोज किया था।
इन एक्ट्रेस से भी जुड़ा नाम
ऐश्वर्या राय से शादी करने से पहले अभिषेक बच्चन का नाम करिश्मा कपूर से जुड़ा। रिपोर्ट्स की मानें तो दोनों की सगाई तक हो गई थी लेकिन कुछ कारणों की वजह से दोनों की सगाई टूट गई। करिश्मा से पहले अभिषेक का नाम रानी मुखर्जी से भी जुड़ा। अभिषेक बच्चन और दीपानिता शर्मा ने लगभग 10 महीनों तक एक-दूसरे को डेट किया था। जाह्नवी कपूर नाम की एक लड़की ने अभिषेक बच्चन पर धोखा देने का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं इस लड़की ने आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी।