गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने उत्तराखंड में दलेर मेहंदी के लाइव परफॉर्मेंस को लेकर हुए विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिना दलेर मेहंदी का नाम लिए उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का समर्थन किया है। अभिजीत ने कहा कि मंत्री ने मंच पर जो सवाल उठाया था, वह सही था। उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि वह कभी किसी कॉन्सर्ट में लिप-सिंक नहीं करेंगे, भले ही उनकी आवाज खराब हो या वह ठीक से गा न पा रहे हों।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में अपनी परफॉर्मेंस के दौरान अभिजीत ने ये बातें कहीं। उनके संबोधन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद दलेर मेहंदी के लाइव परफॉर्मेंस को लेकर छिड़ी बहस एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
अभिजीत बोले- मंत्री ने सच कहा था
दर्शकों को संबोधित करते हुए अभिजीत ने इवेंट आयोजकों से अपील की कि अगर कोई कलाकार वास्तव में माइक पर गाना नहीं गा रहा है, तो उसे लाइव परफॉर्मेंस करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, “अगर कोई व्यक्ति माइक पर वास्तव में लाइव नहीं गा रहा है, तो उसे ऐसा करने की अनुमति मत दीजिए। कुछ दिन पहले एक घटना हुई थी, जब एक मंत्री मंच पर आए और उन्होंने सच कहा। उन्होंने कहा कि आप गा नहीं रहे हैं। आपसे ठीक से खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा और आप वास्तव में लाइव परफॉर्म नहीं कर रहे हैं। उन्होंने सच कहा था, लेकिन कई लोगों की नजरों में वही मंत्री विलेन बन गए। जबकि ऐसा मंचों पर हर जगह होता है।”
यह भी पढ़ें: दलेर मेहंदी का अपमान करने वाले मंत्री सुबोध उनियाल ने दी सफाई, बोले- लोगों के दबाव में आकर सवाल उठाया
हालांकि, अभिजीत ने अपने बयान में न तो दलेर मेहंदी का नाम लिया और न ही मंत्री का। लेकिन उनके बयान को हाल ही में दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
‘आवाज खराब हो, फिर भी लाइव गाऊंगा’
अभिजीत ने दर्शकों को भरोसा दिलाया कि वह अपनी आवाज की स्थिति चाहे जैसी भी हो, लाइव गाने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि दर्शकों का मनोरंजन करना एक जिम्मेदारी है, खासकर तब जब लोग अपनी मेहनत की कमाई खर्च करके किसी कलाकार को सुनने आते हैं। गायक ने कहा, “मैं चाहे जैसा भी गाऊं, खराब गाऊं, मेरी आवाज बैठ जाए, मैं थक जाऊं या बेसुरा गाऊं, लेकिन मैं लाइव ही गाऊंगा।”
उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में प्रशासन, संबंधित विभागों और पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों की मेहनत का भी जिक्र किया। अभिजीत के मुताबिक, जब दर्शक अपना समय और पैसा खर्च करके किसी कलाकार को सुनने आते हैं, तो उन्हें ईमानदार परफॉर्मेंस मिलनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा, “आपने मुझे अपना समय दिया है। अपनी मेहनत की कमाई खर्च करके मुझे यहां बुलाया और इतने सारे इंतजाम किए। इस कार्यक्रम के पीछे प्रशासन, विभाग और आप सभी की मेहनत है। मैं आप सभी के सामने सिर झुकाता हूं और वादा करता हूं कि इस तरह कभी आपको धोखा नहीं दूंगा। गाने के नाम पर सिर्फ होंठ नहीं हिलाऊंगा। कुछ लोग ऐसा करते हैं, लेकिन मैं ऐसा नहीं करूंगा।”
क्या है दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के मंत्री के बीच विवाद?
यह पूरा विवाद अक्टूबर 2026 में उत्तराखंड में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था। इस कार्यक्रम में दलेर मेहंदी परफॉर्म कर रहे थे, तभी राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बीच में ही मंच पर पहुंचकर उनसे सवाल किया कि क्या वह वास्तव में लाइव गा रहे हैं?
यह भी पढ़ें: दलेर मेहंदी से सुबोध उनियाल ने नहीं मांगी माफी, बोले- मैंने कौन सा अपराध किया है जो मैं…
मंत्री ने दलेर मेहंदी की मंच पर मौजूदगी और उनके बोलने के तरीके पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि गायक शराब के नशे में लग रहे थे। इस दौरान मंत्री ने कहा था, “आपसे ठीक से बोला नहीं जा रहा है, आप गाएंगे कैसे?”
इस घटना के बाद मनोरंजन जगत में बहस छिड़ गई थी। कई कलाकार दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए थे। उनके भाई और गायक मीका सिंह ने भी मंत्री के इस व्यवहार की आलोचना की थी। मीका ने कहा था कि दलेर की तबीयत ठीक नहीं थी। उन्होंने यह भी खुलासा किया था कि दलेर मेहंदी की हाल ही में बड़ी सर्जरी हुई है और उन्होंने अपनी जिंदगी में कभी शराब को हाथ नहीं लगाया।
वहीं, मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने कदम का बचाव किया था। उन्होंने कहा था कि दलेर मेहंदी को कार्यक्रम में परफॉर्म करने के लिए 35 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन उनकी प्रस्तुति दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। मंत्री ने इस मामले में माफी मांगने से भी इनकार कर दिया था।
