आयुष शर्मा ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने अपने मुंबई के शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि एक्टर बनने के उनके फैसले पर उनके पिता ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने बाद में खुद को लॉन्च करने के लिए अपने पिता से 10 करोड़ रुपये मांगे, तो उन्हें कोई मदद नहीं मिली थी।
आयुष मुंबई पढ़ाई के बहाने आए थे। उन्होंने जय हिंद कॉलेज में बीएमएस कोर्स में एडमिशन लिया, बांद्रा में घर लिया और पिता से कार भी ले ली। इसी दौरान वह एक्टिंग भी सीख रहे थे। जब उनकी कॉलेज अटेंडेंस सिर्फ 9% रह गई, तो कॉलेज ने उनके पिता को हिमाचल प्रदेश से बुलाया। उनकी मां-पिता नाराज हो गए और उन्हें शर्मिंदगी महसूस हुई।
फिर पिता के सामने बताई थी सच्चाई
यहीं आयुष ने पहली बार अपने पिता को बताया कि वह एक्टर बनना चाहते हैं। उनके पिता ने ये बात सुनकर कहा था, ‘मैं तुम्हें देखने के लिए 50 रुपये भी नहीं दूंगा’। आयुष के पिता ने उन्हें खूब खरी खोटी सुनाई थी और कहा था, “तुम न लंबे हो, न तुम्हारी बॉडी है, न आवाज अच्छी है, न पर्सनालिटी। उन्होंने यहां तक कह दिया कि तुम अमिताभ बच्चन या धर्मेंद्र जैसे नहीं हो सकते, और तुम्हें देखने के लिए मैं 50 रुपये भी नहीं दूंगा। उन्होंने साफ कहा कि वह अब पैसे नहीं देंगे और आयुष को वापस हिमाचल जाकर बिजनेस करना चाहिए।”
यह भी पढ़ें: Dacoit Review: ‘धुरंधर 2’ के शोर के बीच अदिवी सेष-मृणाल ठाकुर की फिल्म ने जीता दिल, ट्विस्ट से भरी लव स्टोरी
पिता ने पैसे भेजने कर दिए थे बंद
पिता के पैसे बंद करने के बाद आयुष के पास सिर्फ 20 रुपये रह गए। तभी उनके एक दोस्त ने उनकी मदद की और उनके अकाउंट में 50,000 रुपये डाल दिए।
10 करोड़ की मांग और ‘लंगड़ा घोड़ा’ वाला तंज
बाद में आयुष ने अपने पिता से 10 करोड़ रुपये मांगे ताकि वह खुद को लॉन्च कर सकें। इस पर उनके पिता ने कहा, “क्या तुमने कभी किसी लंगड़े घोड़े पर पैसा लगाते देखा है? मैं बेटे के लिए दे भी दूं, लेकिन तुम्हें देखने कौन आएगा?”
यह भी पढ़ें: आज भी जीवंत है पौराणिक कथाओं का मायाजाल
दादा जी ने दिलाया मौका
आखिर में आयुष के दादा ने उनके पिता को समझाया कि उन्हें एक मौका दिया जाना चाहिए। इसके बाद उनके पिता ने फिर से आर्थिक मदद शुरू की।
करियर और निजी जिंदगी
आयुष शर्मा ने 2018 में फिल्म लवयात्री से बॉलीवुड डेब्यू किया, जिसे सलमान खान फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया था। इसके बाद वह फिल्म रुसलान में नजर आए। आयुष, सलमान खान की बहन अर्पिता खान के पति हैं और उनके दो बच्चे आहिल और आयत हैं।
