बॉलीवुड सितारों को पिछले काफी समय से क्रिमिनल्स से धमकियां मिल रही हैं। ऐसे में हर तरफ डर का माहौल बना हुआ है। कुछ दिनों पहले ‘धुरंधर’ अभिनेता रणवीर सिंह को व्हाट्सएप पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से एक धमकी भरा वॉइस मैसेज मिला था और अब सलमान खान के जीजा अभिनेता आयुष शर्मा को ईमेल से ऐसे ही धमकी मिली है। पुलिस अभी मेल के सोर्स की जांच कर रही है। इस बीच फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न सिने एम्प्लॉइज (FWICE) हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की तरफ से बोलने के लिए एक्शन में आ गई है।
आयुष से क्रिप्टो करेंसी के रूप में मांगी फिरौती
बता दें कि मेल भेजने वाले ने एक्टर से क्रिप्टो करेंसी के रूप में फिरौती मांगी है। उन्होंने प्रोटोनमेल का इस्तेमाल किया, जो एक VPN सर्विस का हिस्सा है, इसलिए भेजने वाले की पहचान कुछ हद तक छिप गई। एक सीनियर ऑफिसर ने जांच के बारे में बताते हुए कहा, “क्राइम ब्रांच टीम परिवार के संपर्क में है और जो भी कानूनी तौर पर जरूरी है, वह कर रही है।
साइबर टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही है।” वहीं, पुलिस ने शुरू में कहा था कि यह कोशिश किसी अंडरवर्ल्ड ग्रुप या गैंग से जुड़ी नहीं है। हालांकि, PTI के मुताबिक ईमेल भेजने वाले ने तब से लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हिस्सा होने का दावा किया है। पुलिस अभी भी जांच कर रही है कि यह दावा सच है या नहीं, क्योंकि उनका मानना है कि यह किसी शरारती तत्व की कोशिश हो सकती है।
FWICE ने लिखा सीएम को पत्र
इस घटना के बाद अब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न सिने एम्प्लॉइज ने महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है। जिसमें कहा गया, “हाल के दिनों में फिल्म, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री की कई जानी-मानी और मशहूर हस्तियों को कथित तौर पर धमकियां मिली हैं और उन्हें खतरनाक सिक्योरिटी डर का सामना करना पड़ा है।
डर का मौजूदा माहौल शूटिंग शेड्यूल, प्रोडक्शन प्लानिंग और इंडस्ट्री के अंदर पूरे मनोबल पर असर डालने लगा है।” ऐसे में संस्था ने सीएम से इन समस्याओं पर ध्यान देने और इंडस्ट्री के सदस्यों की सुरक्षा पक्का करने के लिए असरदार कदम उठाने की अपील की। बता दें कि कुछ दिनों पहले निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर गोलियां चलने का मामला भी सामने आया था।
यह भी पढ़ें: ‘नागिन 3’ एक्ट्रेस के घर आने वाला है नन्हा मेहमान, फैंस को खास अंदाज में दी खुशखबरी
