इस वक्त आमरण अनशन पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लेकर कहा जाता है कि साल 2009 में आई फिल्म ‘3 इडियट्स’ उनसे प्रेरित है। कहा जाता रहा है कि फिल्म में आमिर खान का किरदार रैंचो, सोनम वांगचुक पर आधारित है। अब सालों बाद आमिर खान ने इस दावे को खारिज किया है। उनका कहना है कि जब ये फिल्म बन रही थी तब तक वो और फिल्म के राइटर सोनम वांगचुक को जानते भी नहीं थे।

लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल के दौरान वहां बैठे लोगों में से एक ने कहा कि ‘3 इडियट्स’ का उन पर गहरा प्रभाव पड़ा और यह माना जाता है कि फिल्म का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित था। इस पर आमिर खान ने तुरंत कहा, “नहीं, यह सही नहीं है। यह एक गलतफहमी है। जब हम ‘3 इडियट्स’ बना रहे थे, तब मैं सोनम वांगचुक को जानता ही नहीं था।”

आमिर ने हाल ही में अभिनेता ओमी वैद्य के उस वीडियो का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने अपने चर्चित किरदार ‘चतुर’ के अंदाज में कहा था, “मैं नहीं चाहता कि फुंसुख वांगडू मर जाए।” इस पर मुस्कुराते हुए आमिर ने कहा, “चतुर गलत है।”

यह भी पढ़ें: ‘जब ये आदमी मर जाएगा तब आप सुनेंगे’, सोनाक्षी सिन्हा ने सोनम वांगचुक के समर्थन में सरकार से लगाई गुहार, समय रैना ने भी की अपील

‘3 इडियट्स’ के लेखक भी सोनम वांगचुक को नहीं जानते थे

आमिर खान ने आगे कहा, “फिल्म के दोनों लेखक राजू हिरानी और अभिजात जोशी भी सोनम वांगचुक को नहीं जानते थे। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं कि हमें उनका सम्मान करने के लिए ‘3 Idiots’ के किरदार से उनका जुड़ा होना जरूरी है। खुद सोनम वांगचुक भी कह चुके हैं कि फिल्म का किरदार उन पर आधारित नहीं है। उन्होंने इस बारे में पहले ही सफाई दी है।”

सोनम वांगचुक के अनशन पर चिंता जताते हुए आमिर ने कहा, “हम सभी उनके स्वास्थ्य और जीवन को लेकर चिंतित हैं। हम उम्मीद करते हैं कि वह अपना अनशन समाप्त करें।”

यह भी पढ़ें: भूख हड़ताल पर बैठे अतुल कुलकर्णी, सोनम वांगचुक के समर्थन में सरकार से की बातचीत की मांग

सोनम वांगचुक भी ‘3 इडियट्स’ को लेकर बोल चुके हैं ये बात

सालों पहले सोनम वांगचुक भी यह स्पष्ट कर चुके हैं कि फिल्म ‘3 इडियट्स’ उनके जीवन पर आधारित नहीं थी। एक कार्यक्रम में उन्होंने बताया था कि 2008 में उनकी मुलाकात आमिर खान से हुई थी, जहां उन्होंने सियाचिन और शिक्षा से जुड़े अपने विचार साझा किए थे।

वांगचुक के मुताबिक, फिल्म रिलीज होने के बाद लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि ‘3 इडियट्स’ उन पर बनी है। हालांकि, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी। बाद में जब उन्होंने अपने स्कूल से संपर्क किया तो पता चला कि फिल्म की टीम वहां लोकेशन देखने पहुंची थी, लेकिन शूटिंग किसी दूसरे स्कूल में की गई।

यह भी पढ़ें: देवोलीना ने कुणाल कामरा की सोनम वांगचुक से मुलाकात को बताया एजेंडा, अन्ना हजारे के आंदोलन का जिक्र कर केजरीवाल को घेरा

किरण राव ने भी किया सोनम वांगचुक का समर्थन

किरण राव ने भी सोनम वांगचुक का समर्थन करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, “मैं सोनम वांगचुक, अभिजीत दिपके, सीजेपी (CJP) और इस देश के उन सभी नागरिकों, चाहे वे युवा हों या बुजुर्ग के साथ एकजुटता से खड़ी हूं, जो हमारे छात्रों के अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं। मैं सोनम जी, नेहा, मनीष, अमीन और उन सभी लोगों को सलाम करती हूं, जिन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए भूख हड़ताल का रास्ता चुना है कि न्याय मिले। हमें इस उदासीनता से जगाने और यह याद दिलाने के लिए कि हर आवाज़ मायने रखती है, पूरा देश आपका ऋणी है।”

इस बीच सोनम वांगचुक का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुक्रवार को 20वें दिन में प्रवेश कर गई। वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित NEET परीक्षा में अनियमितताओं के विरोध में अनशन कर रहे हैं। उनकी बिगड़ती सेहत को लेकर देशभर में चिंता जताई जा रही है।