इस समय पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वागंचुक अपनी भूख हड़ताल के लिए काफी चर्चा में हैं। जिस पर बॉलीवुड के कई सेलेब्स ने इस पर अपने रिएक्शन दिए, हाल ही में एक्टर आमिर खान का भी उन पर रिएक्शन देखने मिला, जहां उनके बारे में बात करते हुए एक्टर ने ये कहा कि वो सोनम वागंचुक को नहीं जानते थे और उनकी फिल्म ‘3 इडियट्स’ भी उनकी लाइफ से प्रेरित नहीं है।
अब इस बयान के बाद आमिर खान का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह सोनम वागंचुक के लिए तालियां बजाते दिखाई दे रहे हैं।
यह भी पढे़ं- सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं है 3 Idiots की कहानी, आमिर खान बोले- हम उन्हें जानते तक नहीं थे
हाल ही में लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल के दौरान आमिर खान से एक शख्स ने कहा कि फिल्म ‘3 इडियट्स’ का उन पर गहरा असर पड़ा था और आम तौर पर माना जाता है कि फिल्म का मुख्य किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित था। इस पर आमिर खान ने तुरंत सफाई देते हुए कहा था, “नहीं, यह सही नहीं है। यह एक गलतफहमी है। जब हम ‘3 इडियट्स’ बना रहे थे, तब मैं सोनम वांगचुक को जानता तक नहीं था।”
इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने आमिर खान के एक पुराने वीडियो को ढूंढ कर निकाला, जिसमें एक्टर अपनी एक्स वाइफ किरण राव के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं और स्टेज पर सोनम वांगचुक अपनी स्पीच देते नजर आ रहे हैं। ये वीडियो साल 2008 का बताया जा रहा है और धड़ल्ले से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एक्टर यहां अपने गजनी लुक में दिखाई दिए, करीब 7 मिनट के इस वीडियो में सोनम वांगचुक लद्दाख के बारे में बात कर रहें हैं और सामने आमिर खान बैठे दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद यूजर्स आमिर खान से लगातार सवाल कर रहे है, इतना ही नहीं, उन्हें झूठा भी बता रहे हैं।
बता दें कि आमिर खान से पहले सोनम वांगचुक भी इस बात को साफ कर चुके हैं कि फिल्म ‘3 इडियट्स’ उनकी जीवन पर आधारित नहीं है। इस समय सोनम वांगचुक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए आमरण अनशन पर बैठे हैं, जिस पर कई बॉलीवुड सेलिब्रिटी अपनी चिंता दिखा चुके हैं और उनसे इस अनशन को खत्म करने के लिए आग्रह कर चुके हैं।
इनमें जीनत अमान, सोनाक्षी सिन्हा, समय रैना, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक, शबाना आजमी, सोनी राजदान, अभय देओल, अनुराग कश्यप, फातिमा सना, इमरान खान और प्रकाश राज जैसे नाम शामिल हैं। इन सभी ने सरकार से वागंचुक की मांगों पर विचार करने और बातचीत से समस्या का हल निकालने की अपील की है।
