शनिवार को मुंबई में सीजेपी प्रोटेस्ट केअभिनेता इमरान खान और लेखा वाशिंगटन के साथ आमिर खान की भांजी जैन मैरी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था। कुछ घंटों बाद तीनों को छोड़ दिया गया। मगर अब जैन ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दिखाया है कि उन्हें इन सब में चोट आई है। इसके साथ ही उन्होंने ये भी सवाल पूछते हुए कहा, “और कितना डराने की कोशिश करोगे कि डर ही खत्म हो जाए।’ जैन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

जैन मैरी ने शेयर किया वीडियो

जैन ने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर की है, जिसमें उन्होंने अपने शरीर पर चोट के निशान दिखाए हैं। वीडियो में जैन ने अपनी बांह, उंगलियों और पैरों पर पड़े निशान कैमरे को दिखाए। इसके बाद उन्होंने कहा, “और कितना डराने की कोशिश करोगे कि डर ही खत्म हो जाए।” वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “वह इंटरनेट पर सत्ता को बेनकाब करती है।”

इससे पहले शनिवार को जैन ने पुलिस वैन के अंदर की एक तस्वीर शेयर की थी। इसमें वह इमरान खान और लेखा वाशिंगटन के साथ बैठी नजर आईं। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “इंकलाब जिंदाबाद।” तस्वीर में इमरान खान मुस्कुराते हुए शांति का इशारा करते दिखे।

लेखा वाशिंगटन ने भी शेयर किया वीडियो

लेखा वाशिंगटन ने भी इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर बताया कि हिरासत से छूटने के बाद उन्हें किन परेशानियों का सामना करना पड़ा। एक वीडियो में उन्होंने कहा, “पुलिस हमें घर नहीं जाने दे रही है। हम सड़क पर इधर-उधर घूम रहे हैं। वे हमें घर जाने के लिए कार या कोई दूसरा वाहन भी नहीं लेने दे रहे हैं।”

एक दूसरे वीडियो में लेखा ने बताया कि वे सभी सुरक्षित हैं और घर जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं यह बताना चाहती हूं कि हम सभी सुरक्षित हैं, हम ठीक हैं और अपने घर जा रहे हैं।”

यह भी पढ़ें: ‘पूरा देश जंतर–मंतर होगा’, मोदी सरकार पर प्रकाश राज का हमला, कह दी बड़ी बात

जैन ने पुलिस वैन के अंदर एक मजेदार वीडियो भी बनाया था। इसमें उन्होंने इमरान खान से पूछा कि क्या वह कभी जेल गए हैं? इस पर इमरान मुस्कुराए और कहा कि जिस तरह की स्थिति चल रही है, उसे देखते हुए अब ऐसा होने की संभावना है।

क्या है प्रदर्शन का कारण?

CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) का ताजा विरोध प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहा है। पार्टी और उसके समर्थकों का आरोप है कि चुनाव आयोग की मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं और इसके चलते बड़ी संख्या में योग्य मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। प्रदर्शनकारियों को आशंका है कि इससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। CJP ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और उसकी स्वतंत्रता पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है और कहा है कि जिन योग्य मतदाताओं के नाम गलती से हट गए हैं, वे दोबारा नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।