बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान ने 5 जुलाई, 2026 को अपनी दोस्त गौरी स्प्रैट से तीसरी शादी की। यह शादी बेहद ही प्राइवेट तरीके से हुई, जिसमें परिवार के कुछ लोग और खास दोस्त ही शामिल थे। दोनों ने रजिस्टर्ड मैरिज की, जिसकी कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर देखने को मिले। शादी के बाद अब गौरी की वेडिंग रिंग चर्चा में बनी हुई है, जो उन्हें आमिर खान ने दी है। चलिए आपको बताते हैं कि आखिर इसकी खासियत क्या है।
गौरी की वेडिंग रिंग
Qween द्वारा तैयार की गई इस अंगूठी के बीच में मेडागास्कर से मंगाया गया बेहद दुर्लभ कैबोशॉन-कट प्राकृतिक रूबी लगा है। यह रूबी सोने के मुकुट जैसी डिजाइन पर जड़ी गई है, जिसके चारों तरफ 40 असली हीरे लगे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इस रूबी को हासिल करने में तीन महीने लगे, क्योंकि इतनी बेहतरीन गुणवत्ता वाले रूबी 0.1 प्रतिशत से भी कम होते हैं। अंगूठी को बनाने में 256 घंटे से ज्यादा का समय लगा और 131 कारीगरों ने मिलकर इसे तैयार किया।
यह भी पढ़ें: ‘गालियों का सहारा क्यों लेते हैं’, शेखर सुमन ने समय रैना को दी सलाह, कपिल शर्मा को लेकर कही ये बात
पहले भी बना चुके हैं खास ज्वेलरी
दिलचस्प बात यह है कि आमिर ने पहली बार गौरी के लिए कोई खास ज्वेलरी नहीं बनवाई है। इससे पहले भी गौरी को ब्राजील से मंगाए गए दुर्लभ एक्वामरीन स्टोन और 40 नेचुरल हीरों वाली अंगूठी पहने देखा गया था, जो आमिर की तरफ से ही गिफ्ट की गई थी।
गौरी ने पहना सब्यसाची का आउटफिट
आमिर खान के साथ अपनी शादी वाले दिन गौरी स्प्रैट ने डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी का खास तैयार किया गया आउटफिट पहना था। एक्टर की पत्नी ने पारंपरिक लाल रंग के भारी-भरकम दुल्हन लुक से हटकर, हल्के रंग का लहंगा चुना, जिस पर सफेद फूलों की खूबसूरत कढ़ाई की गई थी। उन्होंने इसे एक हल्के पारदर्शी दुपट्टे और पन्नों से सजी पोल्की ज्वेलरी के साथ पहना।
उनके मेकअप आर्टिस्ट ने बताया कि गौरी ने मेकअप के लिए बेहद नेचुरल लुक अपनाया था। वहीं, उनके बाल साइड में बनी ढीली फिशटेल चोटी में स्टाइल किए गए थे, जिसे नाजुक सफेद फूलों से सजाया गया था।
