बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान ने 14 मार्च को अपना 61वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया। फिल्मी दुनिया से जुड़े सितारों से लेकर फैंस ने एक्टर को जन्मदिन की बधाईयां खास पोस्ट के जरिए सोशल मीडिया पर दी। इस बीच एक्टर के बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो सामने आ चुका है, जिसमें वह अपने परिवार और दोस्तों के साथ जन्मदिन का जश्न मनाते हुए केक काटते नजर आए। इस दौरान उनकी गर्लफ्रेंड और एक्स वाइफ भी नजर आईं।
आमिर खान ने जन्मदिन का सेलिब्रेशन परिवार के सदस्यों के साथ किया। बर्थडे पार्टी में आमिर की गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट, पहली पत्नी रीना दत्ता और उनके बच्चे जुनैद खान और इरा खान, और उनकी दूसरी पत्नी किरण राव और उनके बेटे आजाद राव खान सभी एक साथ नजर आए। इस दौरान का एक वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है।
इरफान पठान ने शेयर किया सेलिब्रेशन वीडियो
बता दें कि पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने आमिर खान की बर्थडे पार्टी का वीडियो शेयर किया है, जो अपनी पत्नी सफा बेग के साथ आमिर के सेलिब्रेशन में शामिल हुए थे। वीडियो में देखने को मिला कि आमिर खान अपने बर्थडे का केक काटते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि उनके दोस्त और परिवार वाले उन्हें बधाई दे रहे हैं। अभिनेता ने केक का पहला टुकड़ा बेटे आजाद और फिर बेटी इरा और फिर गौरी को खिलाया।
वीडियो शेयर करते हुए इरफान पठान ने आमिर खान को जन्मदिन की बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने इरा खान के फाउंडेशन के काम की सराहना भी की। पूर्व क्रिकेटर ने लिखा, ‘आमिर भाई को बर्थडे की बहुत शुभकामनाएं। इरा खान को अगात्सु फाउंडेशन के जरिए मानसिक स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने का काम करते हुए देखना बहुत अच्छा लगा।’
यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2: धुरंधर 2 के मेकर्स की बढ़ी मुश्किलें, रणवीर सिंह के इस सीन पर मिला कानूनी नोटिस
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट के बर्थडे सेलिब्रेशन वीडियो को इंटरनेट पर खूब पसंद किया जा रहा है। इंस्टाग्राम पर यूजर्स वीडियो पर कमेंट करते हुए अभी तक आमिर को बर्थडे विश कर रहे हैं। वहीं, ज्यादातर लोग उनके बर्ताव की तारीफ भी करते नजर आए।
