स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके शो का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे ‘₹370 बिरयानी’ विवाद के नाम से जाना जा रहा है।
इस वीडियो को लेकर लगातार आलोचना झेल रहे कॉमेडियन ने अब अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया है। हालांकि उन्होंने इसकी वजह सार्वजनिक रूप से नहीं बताई है, लेकिन माना जा रहा है कि बढ़ते विरोध और आलोचनाओं के चलते उन्होंने यह कदम उठाया है।
क्या है ‘₹370 बिरयानी’ विवाद?
वायरल क्लिप में शो के दौरान मौजूद एक पुरुष दर्शक ने अपनी डेट का किस्सा सुनाया। उसने बताया कि वह एक लड़की को डेट पर ले गया था और वहां उसने ₹370 की बिरयानी का बिल चुकाया। बाद में जब लड़की डेट खत्म होने के बाद घर जाना चाहती थी तो उसे लगा कि उसके साथ धोखा हुआ है, क्योंकि वह मान बैठा था कि खाना खिलाने के बदले उसे लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनाने का अधिकार मिल गया है।
इस पर प्रणित मोरे ने मजाक करते हुए इसे पीक गुरुग्राम कंटेंट बताया। वहीं शो के एक अन्य वीडियो में वही शख्स कथित तौर पर उनके बीच हुई मुलाकात के कुछ आपत्तिजनक और निजी बातें करता नजर आया। इस दौरान दर्शकों के साथ-साथ प्रणित भी हंसते दिखाई दिए। इतना ही नहीं, कहानी सुनाने के लिए कॉमेडियन ने उस व्यक्ति को 5,000 रुपये का इनाम भी दिया।
यह भी पढ़ें: बॉबी देओल को याद आया परिवार का मुश्किल दौर, बताया सबसे ज्यादा तकलीफ में थे धर्मेंद्र
सोशल मीडिया पर भड़का गुस्सा
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे महिलाओं के प्रति अपमानजनक और आपत्तिजनक बताया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति को उसकी नौकरी से भी निकाल दिया गया।
विवाद बढ़ने पर प्रणित मोरे ने माफी मांगते हुए कहा कि दर्शक की टिप्पणियां उनके व्यक्तिगत विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें उस वक्त ऐसी बातों का विरोध करना चाहिए था।
प्रणित ने कहा, “अब पीछे मुड़कर देखता हूं तो लगता है कि मुझे उस टिप्पणी को चुनौती देनी चाहिए थी, न कि हंसकर आगे बढ़ जाना चाहिए था। यह मेरी समझ में हुई एक गलती थी।”
कुशा कपिला और डॉली सिंह ने भी की आलोचना
विवाद के बाद कई कंटेंट क्रिएटर्स और कलाकारों ने भी प्रणित मोरे की आलोचना की। कुशा कपिला, डॉली सिंह, साक्षी शिवदासानी और उर्फी जावेद समेत कई लोगों ने इस मामले में बहुमत हासिल किया।
यह भी पढ़ें: 18 दिन की डेटिंग और फिर भागकर शादी, आमिर खान के सौतेले भाई हैदर पर एक्स पत्नी ईवा ग्रोवर ने लगाए गंभीर आरोप
कुशा कपिला ने सोशल मीडिया पर लिखा, “ऐसा वीडियो अपलोड करना एक चुनाव है। ऐसे जोक्स करना और उन्हें अपने चैनल पर पोस्ट करना भी एक चुनाव है। यह कॉमेडी नहीं है, बल्कि सिर्फ प्रतिक्रिया हासिल करने के लिए बनाया गया कंटेंट है। अच्छी बात है कि इतनी सारी महिलाएं इसके खिलाफ आवाज उठा रही हैं।”
कॉमेडियन रौनक ने भी शो के दौरान ऐसी बातचीत को बढ़ावा देने के लिए प्रणित की आलोचना की है। दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने भी प्रणित के शो में हुई टिप्पणी पर नाराजगी जाहिर की।
