पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को आज यानी 14 जुलाई को 17 दिन हो गए हैं। सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर कई लोगों को चिंता सता रही है। बताया जा रहा है कि भूख हड़ताल शुरू करने के बाद से उनका करीब 8.5 किलोग्राम वजन कम हो चुका है। साथ ही उनका ब्लड प्रेशर भी ऊपर-नीचे हो रहा है।

इस बीच फिल्म ‘3 इडियट्स’ में ‘चतुर रामलिंगम’ (साइलेंसर) का किरदार निभाने वाले ओमी वैद्य ने भी वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोनम वांगचुक जिन मुद्दों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, उन पर गंभीरता से ध्यान दें।

ओमी ने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपना एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि वो नहीं चाहते फुंसुक वांगड़ू मरे। ये उन्होंने ‘3 इडियट्स’ के किरदार को लेकर कहा, जो दरअसल में सोनम वांगचुक के जीवन से प्रेरित था।

ओमी वैद्य ने वीडियो में कहा, “मैं नहीं चाहता कि फुंसुख वांगडू की मौत हो। हेलो इडियट्स, पहचाना? मैं ‘3 इडियट्स’ का चतुर और ‘द ऑफिस’ का सादिक, यानी ओमी वैद्य हूं। आज मैं एक जरूरी बात कहना चाहता हूं, इसलिए कृपया ध्यान से सुनिए।”

इसके बाद उन्होंने बताया कि ‘3 इडियट्स’ का लोकप्रिय किरदार फुंसुख वांगडू असल में लद्दाख के इंजीनियर, नवाचारकर्ता, शिक्षक और समाज सुधारक सोनम वांगचुक से प्रेरित है। ओमी ने कहा कि वह खुद सोनम वांगचुक से मिल चुके हैं और उन्हें बेहद विनम्र और प्रेरणादायक इंसान मानते हैं।

ओमी वैद्य ने वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर चिंता जताते हुए कहा कि वह लंबे समय से भूख हड़ताल पर हैं और उनका ब्लड शुगर काफी नीचे चला गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि मीडिया इस मुद्दे को पर्याप्त कवरेज दे रहा है या नहीं, लेकिन यह बेहद गंभीर मामला है।

यह भी पढ़ें: ‘मुझे कई बार नजरअंदाज किया गया’, 7 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे गोविंदा, नई फिल्म ‘रूपा’ का किया ऐलान

अंत में उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि भले ही कोई सोनम वांगचुक की बातों या उनके आंदोलन से सहमत हो या नहीं, लेकिन वह नहीं चाहते कि उनकी जान चली जाए। उन्होंने सभी से इस मुद्दे की गंभीरता को समझने की अपील की।

क्यों भूख हड़ताल पर हैं सोनम वांगचुक?

सोनम वांगचुक नीट-यूजी पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। यह आंदोलन ‘कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)’ के बैनर तले चल रहा है, जिसे सोशल मीडिया पर भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। मंगलवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर इस संगठन के विरोध प्रदर्शन का 25वां दिन भी पूरा हो गया। इसके बारे में अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें…