यूपी चुनाव के लिए अलीगढ़ में कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचीं प्रियंका गांधी के सामने शनिवार को एक अजीब स्थिति पैदा हो गई। अलीगढ़ में प्रियंका गांधी रोड कर रही थीं, तभी बीजेपी के कुछ समर्थक आए और भाजपा के समर्थन में नारे लगाने लगे। जिसके बाद प्रियंका गांधी ने उन्हें कांग्रेस का यूथ घोषणापत्र थमा दिया।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने इस घटना का एक वीडियो भी शेयर किया है। वीडियो में दिख रहा है कि कांग्रेस महासचिव और यूपी कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी अलीगढ़ में रोड शो कर रही हैं। रोड शो के दौरान कांग्रेस समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद है। इसी दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं भी पहुंचते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पक्ष में नारे लगाने लगते हैं।
भाजपा समर्थकों के नारे के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी गाड़ी से नीचे झुकती हैं और एक विरोध करने वाले भाजपा कार्यकर्ता के साथ बात करने लगती हैं। इसके बाद वह उन्हें कांग्रेस का युवा घोषणापत्र ‘भर्ती विधान’ की एक प्रति दे देती हैं।
कैंपेन के दौरान प्रियंका गांधी सीएम योगी आदित्यनाथ की “खून की गर्मी” वाले बयान पर भी तंज कसती नजर आईं। प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी रोजगार के अवसर मुहैया कराने की बात करती है। उन्होंने कहा- “मैं लोगों से कहना चाहती हूं कि अगर आप राज्य में बदलाव, नौकरी, विकास चाहते हैं तो हमें वोट करें”।
बता दें कि प्रियंका गांधी अलीगढ़ जिले के इगलास और खैर विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने के लिए अलीगढ़ पहुंची थीं। उन्होंने रोड शो के साथ-साथ क्षेत्र में डोर-टू-डोर कैंपेन भी किया और कांग्रेस के लिए वोट मांगे। इस दौरान कांग्रेस उम्मीदवार के साथ-साथ आम लोगों की भी काफी भीड़ थी।
राज्य में कांग्रेस का मुकाबला सत्ताधारी बीजेपी, समाजवादी पार्टी और रालोद गठबंधन के साथ-साथ बसपा के साथ है। 403 सीटों वाली उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए सात चरणों में 10 फरवरी से 7 मार्च तक मतदान होना है। वहीं मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।