उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इस बीच, कयासों के दौर भी जारी हैं कि क्या भारतीय जनता पार्टी फिर से सत्ता में वापसी करेगी या कांग्रेस पार्टी के अच्छे दिन आएंगे? आम आदमी पार्टी भी इस चुनाव में जीत को लेकर दावे कर रही है। ऐसे में जानते हैं कि तीनों प्रमुख दलों के दावे में कितना दम है और जनता इस विधानसभा चुनाव को लेकर जनता की क्या राय है। टाइम्स नाउ नवभारत के सर्वे में भाजपा को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत के ओपिनियन पोल के मुताबिक, उत्तराखंड में BJP को 41.11% वोट मिलने के आसार हैं जबकि दूसरे स्थान पर कांग्रेस को 27.31% वोट मिल सकते हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी को 18.67% वोट मिल सकते हैं, जबकि, अन्य के खाते में 12.91% वोट जा सकते हैं।
सीएम की पहली पसंद कौन है? इस सवाल पर सबसे अधिक 39.54% मत पुष्कर सिंह धामी को मिले हैं, जबकि हरीश रावत को 25.42% लोगों ने सीएम की पहली पसंद बताया है। वहीं, कर्नल अजय कोटियाल को 17.32% लोगों का साथ मिलता दिखाई दे रहा है।
भाजपा में CM की पहली पसंद कौन?: इस मामले में पुष्कर सिंह धामी 76.63% फीसदी वोटों के साथ पार्टी के अन्य नेताओं से काफी आगे दिखाई दे रहे हैं। जबकि दूसरे स्थान पर अनिल बलूनी (10.42%) और त्रिवेंद्र सिंह रावत (9.42%) तीसरे स्थान पर हैं। कांग्रेस में सीएम की पहली पसंद के तौर पर हरीश रावत को 65.32% लोगों का साथ मिला है जबकि प्रीतम सिंह को 25.24% लोगों ने सीएम की पहली पसंद बताया है।
किसे कितनी सीटें मिल सकती हैं? तो, ओपिनियन पोल के मुताबिक, भाजपा 42 से 46 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बना सकती है। वहीं, कांग्रेस के खाते में 12-14 सीटें आ सकती हैं, जबकि आम आदमी पार्टी को 8 से 11 मिल सकती हैं। इसके अलावा, 2-5 सीटों पर अन्य के उम्मीदवार जीत दर्ज कर सकते हैं।
आम आदमी पार्टी सत्ता की रेस में है या नहीं? इसके जवाब में 45.32% ने सहमति जताई है। जबकि 32.52 फीसदी लोगों को लगता है कि आप सरकार बनाने की रेस में नहीं है। वहीं, 22.16% लोगों ने कहा कि वे इस पर कुछ नहीं कह सकते हैं।
हरक सिंह रावत के कांग्रेस में आने से फायदा होगा?: 42.53 फीसदी लोगों का मानना है कि हरक सिंह रावत के कांग्रेस में आने से फायदा होगा, जबकि 24.42 फीसदी लोगों को लगता है कि कांग्रेस को इसका लाभ नहीं मिलेगा। वहीं, 33.05% लोगों ने कहा कि वे इस पर कुछ कह नहीं सकते हैं। बता दें कि उत्तराखंड में विधानसभा की कुल 70 सीटें हैं। यहां 14 फरवरी को एक चरण में सभी सीटों पर मतदान होंगे और 10 मार्च को चुनावों के नतीजे घोषित किए जाएंगे।