यूपी विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग 10 फरवरी को होगी। ऐसे में लोगों का मूड जानने को लेकर इंडिया टुडे सी-वोटर का सर्वे सामने आया है। इस सर्वे में यूपी की जनता का मिजाज जानने की कोशिश की गई। सर्वे में लोगों से योगी सरकार के कामकाज, NDA सरकार के कामकाज को लेकर सवाल किये गये।
सीएम योगी के कामकाज से कितने लोग खुश: बता दें कि सर्वे के मुताबिक यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ के कामकाज से 49 फीसदी लोग बहुत संतुष्ट हैं। वहीं 17 प्रतिशत लोगों ने सिर्फ संतुष्ट होने की बात कही है। इसके अलावा 34 फीसदी लोग सीएम योगी कामकाज से असंतुष्ट नजर आए। गौरतलब है कि इस सर्वे को लेकर 80 लोकसभा क्षेत्र से 8066 सैंपल साइज लिये गए।
यूपी चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा: सर्वे में लोगों से यूपी चुनाव में सबसे बड़े मुद्दे को लेकर सवाल किया गया। जिसके जवाब में 35 फीसदी लोगों ने बेरोजगारी को सबसे बड़ा मुद्दा बताया। वहीं इसके बाद मंहगाई के लिए 23 प्रतिशत लोगों ने मत दिया। 10 फीसदी लोगों ने कोरोना, 7 फीसदी लोगों ने भ्रष्टाचार और 2 प्रतिशत लोगों ने आर्थिक हालत को इस चुनाव में अहम मुद्दा माना है।
वहीं सर्वे में केंद्र की एनडीए सरकार को लेकर भी सवाल किये गये। जिसमें 69 फीसदी लोग मोदी सरकार के कामकाज से बहुत संतुष्ट हैं। 8 प्रतिशत ऐसे हैं जो केंद्र के कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं। इसके अलावा 22 फीसदी लोग NDA सरकार से असंतुष्ट नजर आए।
सर्वे से पता चला है कि बतौर पीएम नरेंद्र मोदी के कामकाज को 75 फीसदी लोगों ने अच्छा बताया है। वहीं 16 फीसदी लोगों ने खराब कहा है और 9 प्रतिशत लोगों ने मोदी के कामकाज को औसत कहा है।
गौरतलब है कि आये दिन देश में लोकतंत्र को लेकर सवाल खड़े किये जाते हैं। ऐसे में सर्वे में भी लोगों से पूछा गया कि क्या देश में लोकतंत्र खतरे में हैं। इसको लेकर 59 फीसदी लोगों ने कहा कि नहीं, देश में लोकतंत्र खतरे में नहीं है। वहीं 31 फीसदी लोगों ने माना कि देश लोकतंत्र खतरे हैं।