उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा को हराने के संकल्प लिया। इस मौके पर उनके साथ किसान नेता तेजिंदर सिंह बिर्क भी मौजूद थे। बता दें कि 17 जनवरी को सपा में शामिल हुए तेजिंदर बिर्क भी लखीमपुर कांड के दौरान गाड़ी की टक्कर से जख्मी हुए थे।
किसानों के लिए वादे: इस मौके पर अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी से लाए गये अनाज को हाथ लेकर संकल्प लिया कि वो किसानों पर अन्याय और अत्याचार करने वाली सरकार को हराएंगे और हटाएंगे। इसके अलावा अखिलेश यादव ने किसानों को लेकर कई वादे भी किये। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा सरकार बनने पर गन्ना किसानों को 15 दिन में भुगतान किया जाएगा। किसान रिवॉल्विंग फंड दिया जाएगा। इसके अलावा किसानों को फ्री में बिजली मिलेगी।
भाजपा के बाद जारी होगा घोषणा पत्र: उन्होंने किसानों को ब्याज मुक्त लोन और बीमा भी देने की घोषणा की है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र जारी होने के बाद ही वो अपना मेनिफेस्टो लॉन्च करेंगे। अखिलेश ने कहा कि भाजपा पहले बताए कि उसने कितने स्मार्ट सिटी बनाए।
अखिलेश यादव ने कहा हम अपने घोषणा पत्र में किसानों की सभी फ़सलों की एमएसपी दिलाने का काम करेंगे। इसके अलावा अखिलेश से अपर्णा यादव को टिकट देने के सवाल किया गया। उन्होंने कहा भाजपा को हमसे अधिक हमारे परिवार की चिंता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए बड़े-बड़े षडयंत्र और साजिश की जा रही हैं। हमारे परिवार की हमसे ज़्यादा चिंता भाजपा को है। हमारा घोषणा पत्र भाजपा के घोषणा पत्र के बाद आएगा।
क्या है यूपी चुनाव का शेड्यूल: गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 विधानसभा सीटें हैं। जिसकें लिए सात चरणों में चुनाव होंगे। इसकी शुरुआत 10 फरवरी को होगी। इसके बाद 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को वोटिंग होगी। वहीं इसके नतीजे 10 मार्च को घोषित होंगे।