राजनीतिक दल नारी सशक्तिकरण की बात करते हैं लेकिन पंजाब विधानसभा चुनाव में महिलाओं को टिकट देने में सभी राजनीतिक दलों ने कंजूसी दिखाई। उत्तर प्रदेश में 40% टिकट महिलाओं को देने वाली कांग्रेस ने पंजाब में 10 फीसदी महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा। जबकि आम आदमी पार्टी ने भी महज 12 टिकट महिलाओं को दिया। अकाली दल ने बसपा के साथ गठबंधन किया था और महिलाओं के लिए कई लुभावने वादे भी किए थे। लेकिन जब टिकट देने की बारी आई तो अकाली दल ने महज 4 फीसदी महिलाओं को मैदान में उतारा।
पंजाब विधानसभा चुनाव में कुल 93 महिला उम्मीदवार मैदान में थीं जिसमे महज 13 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। 13 में से आम आदमी पार्टी की 11 महिला उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। अमृतसर ईस्ट से आम आदमी पार्टी की जीवन ज्योत कौर ने नवजोत सिंह सिद्धू और बिक्रम मजीठिया को हराया। आइए जानते हैं पंजाब की महिला विधायकों के बारे में-
27 वर्षीय नरिंदर कौर भरज , संगरूर, आम आदमी पार्टी: 27 वर्षीय नरिंदर कौर ने कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार विजय इंदर सिंगला को धूल चटाई। नरिंदर कौर ने 2014 में आम आदमी पार्टी को ज्वाइन किया था और उसके बाद वह लगातार संगरूर में मेहनत करती रही। उनके सामने बीजेपी और कांग्रेस के करोड़पति उम्मीदवार थे। चुनावी हलफनामे के अनुसार नरिंदर कौर की संपत्ति 24,400 रुपए है।
50 वर्षीय जीवन ज्योत कौर, अमृतसर ईस्ट, आम आदमी पार्टी: जीवन ज्योत कौर ने अमृतसर ईस्ट से नवजोत सिंह सिद्धू और बिक्रम सिंह मजीठिया को हराया। जीवन ज्योत कौर को पैडमैन ऑफ पंजाब के नाम से भी जाना जाता है। जीवन ज्योत कौर पंजाब की झुग्गियों में महिलाओं को सेनेटरी पैड बांटती हैं।
46 वर्षीय गनीव कौर मजीठिया , शिरोमणि अकाली दल: गनीव मजीठिया, बिक्रम सिंह मजीठिया की पत्नी है और उन्होंने आम आदमी पार्टी के सुखजिंदर सिंह लल्ली को 26 हजार से अधिक वोटों से हराया। गनीव मजीठिया ने अर्थशास्त्र में स्नातक किया हुआ है।
64 वर्षीय अरुणा चौधरी, दीना नगर, कांग्रेस: आम आदमी पार्टी की लहर में भी अरुणा चौधरी कांग्रेस के टिकट पर दीना नगर विधानसभा से लगातार तीसरी बार चुनाव जीतने में सफल रही। चन्नी सरकार में अरुणा चौधरी मंत्री भी रही और गुरदासपुर जिले की दीनानगर विधानसभा सीट से अरुणा चौधरी ने आम आदमी पार्टी के शमशेर सिंह को 1377 वोटों से हराया।
56 वर्षीय राजिंदर कौर, लुधियाना साउथ, AAP: राजिंदर कौर आम आदमी पार्टी की काफी पुरानी सदस्य हैं और महिला मोर्चा का नेतृत्व भी कर चुकी हैं। पहली बार चुनाव लड़ते हुए कौर ने लोक इंसाफ पार्टी के बलविंदर सिंह बैंस को हराया है।
37 वर्षीय प्रोफेसर बलजिंदर कौर, तलवंडी सबो, AAP: बलजिंदर कौर आम आदमी पार्टी की महिला मोर्चा की अध्यक्ष रह चुकी है और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी हैं। बलजिंदर कौर दूसरी बार विधानसभा में पहुंची हैं। उन्होंने अकाली दल के उम्मीदवार जीतमोहिंदर सिंह को 15000 से अधिक वोटों से हराया है। बलजिंदर कौर ने एम-फिल किया हुआ है।
39 वर्षीय डॉक्टर अमनदीप कौर अरोरा, मोगा, AAP: अमनदीप कौर अरोरा ने मोगा विधानसभा क्षेत्र से सोनू सूद की बहन और कांग्रेस नेत्री मालविका सूद को 20,000 से अधिक वोटों से हराया। अमनदीप कौर अरोरा ने यूक्रेन से एमबीबीएस किया हुआ है।
49 वर्षीय सर्वजीत कौर मनुके, जगरांव , AAP: सर्वजीत कौर ने लुधियाना की जगरांव सीट से लगातार दूसरी बार जीत हासिल की। शिरोमणि अकाली दल के पूर्व विधायक एसआर कलेर को सर्वजीत ने 39 हजार से अधिक वोटों से हराया। इसके पहले सर्वजीत कौर आम आदमी पार्टी की ओर से उपनेता प्रतिपक्ष थीं।
53 वर्षीय इंद्रजीत कौर मान, नकोदर , AAP: इंद्रजीत कौर मान ने शिरोमणि अकाली दल के दो बार के विधायक गुरप्रताप सिंह वाडेला को 2800 वोटों से हराया। इंद्रजीत कौर मान जालंधर के नकोदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही थी। इसके पहले मान कांग्रेस पार्टी में भी थी।
55 वर्षीय संतोष कुमार कटारिया, बलाचौर, AAP: संतोष कुमार कटारिया ने नवांशहर जिले की बालाचौर सीट से जीत हासिल की है। कांग्रेस विधायक दर्शन लाल को कटारिया ने हराया है। कटारिया, राम किशन कटारिया की बेटी है जो इसी सीट से दो बार विधायक चुने जा चुके हैं। संतोष कुमार कटारिया ने कांग्रेस के टिकट पर 2007 में भी चुनाव लड़ा था लेकीन हार गईं थी। संतोष कुमार कटारिया बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती हैं।
50 वर्षीय नीना मित्तल, राजपुरा ,AAP: आम आदमी पार्टी की राजपुरा से उम्मीदवार नीना मित्तल ने कांग्रेस एमएलए हरदयाल सिंह कंबोज को हराया है। मित्तल ने पटियाला से 2019 में लोकसभा चुनाव भी लड़ा था लेकिन हार का सामना करना पड़ा था। नीना मित्तल महिला मोर्चा आम आदमी पार्टी पंजाब की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और आम आदमी पार्टी के पंजाब यूनिट की कोषाध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
31 वर्षीय अनमोल गगन मान, खरार, AAP: अनमोल ने 12वीं तक की पढ़ाई की है और 2020 में आम आदमी पार्टी को ज्वाइन किया था। अनमोल गगन मान ने शिरोमणि अकाली दल के रंजीत सिंह गिल को 37 हजार से अधिक वोटों से हराया। अनमोल ने आम आदमी पार्टी के लिए गाना भी लिखा है।
46 वर्षीय डॉक्टर बलजीत कौर, मलौट , AAP: बलजीत कौर पेशे से डॉक्टर हैं और आंख की सर्जन हैं। बलजीत कौर आम आदमी पार्टी के पूर्व सांसद प्रोफेसर साधु सिंह की बेटी हैं। इन्होंने अकाली दल के हरप्रीत सिंह को 39 हजार से अधिक वोटों से हराया। बलजीत कौर सामाजिक कार्यकर्ता हैं और मुक्तसर के सिविल हॉस्पिटल की नौकरी से त्यागपत्र देकर आम आदमी पार्टी को ज्वाइन किया था।
पांच राज्यों में 61 महिलाएं पहुंची विधानसभा: संपन्न हुए पांच राज्यों के चुनाव में 690 सीटों पर वोटिंग हुई और केवल 61 महिलाएं विधानसभा पहुंची। यूपी में 2022 के विधानसभा चुनाव में कुल 33 महिलाएं विधानसभा पहुंची है, जबकि 2017 में 41 महिलाएं विधानसभा पहुंची थी। वहीं पंजाब में 13 महिलाएं विधानसभा पहुंची है जबकि 2017 में केवल 6 महिलाएं विधानसभा पहुंची थी। इन 13 में से 11 महिला विधायक आम आदमी पार्टी से हैं। उत्तराखंड से 8 और गोवा से 3 महिलाएं विधानसभा पहुंची हैं। जबकि मणिपुर से चार महिलाएं विधानसभा पहुंची हैं। 2017 में मणिपुर में केवल 2 महिलाओं ने जीत हासिल की थी।