CM से PM तक इन दिग्गजों पर हुए हैं चप्पल-जूते से हमले, सबसे ज्यादा बार निशाना बना यह शख्स
Lok Sabha Election 2019 (लोकसभा चुनाव 2019): BJP मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव पर जूते से हमला हुआ। इससे पहले मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक कई दिग्गजों पर हमले हो चुके हैं।

2019 Lok Sabha Election से पहले भी राजनेताओं पर चप्पल-जूते और स्याही से कई बार हमले हो चुके हैं। गुरुवार (18 अप्रैल) को बीजेपी मुख्यालय में घुसकर एक शख्स ने पार्टी प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव को निशाना बनाकर जूता फेंका था। उस दौरान वह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले भी कई नेता अपनी सभाओं और रैलियों के दौरान इस तरह के हमलों के शिकार हो चुके हैं। सबसे अधिक बार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निशाना बनाया गया है। पढ़िए, अब तक किन-किन नेताओं पर हुए इस तरह हमले…
अरविंद केजरीवालः आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सबसे अधिक बार हमले हुए हैं। 20 नवंबर 2018 को उन पर नारायणा निवासी अनिल शर्मा ने मिर्च पाउडर फेंका था। इससे पहले ऑड-ईवन सिस्टम पहली बार लागू किए जाने के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी उन पर हमला हुआ था। 9 अप्रैल 2016 को आम आदमी सेना के कार्यकर्ता वेद प्रकाश ने उन पर हमला किया था। 2016 में केजरीवाल बीकानेर गए थे। वहां उन पर स्याही फेंकी गई थी। इसके बाद छत्रसाल स्टेडियम में भी एक महिला ने उन पर स्याही से हमला किया था। इसके अलावा भी कई बार उन पर चप्पल, जूते और अन्य सामग्रियों से हमले हो चुके हैं। साथ ही, उन्हें थप्पड़ भी मारा जा चुका है।
डॉक्टर मनमोहन सिंहः दो बार देश के प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह पर 26 अप्रैल 2009 को अहमदाबाद में एक चुनावी रैली के दौरान जूता फेंका गया था।
National Hindi News, 18 April 2019 LIVE Updates: दिनभर की अहम खबरों के लिए क्लिक करें
लालकृष्ण आडवाणीः बीजेपी के सबसे वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी पर 2009 में बीजेपी के ही कार्यकर्ता ने चप्पल फेंकी थी। हालांकि, चप्पल उन्हें लगी नहीं।
नीतीश कुमारः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर 28 जनवरी 2016 को समस्तीपुर के रहने वाले पीके राय ने जूता फेंका था। हालांकि, उन्हें लगा नहीं।
राहुल गांधीः कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर 24 सितंबर 2016 को सीतापुर में एक रोड शो के दौरान जूता फेंका गया था। इस हमले में वे बच गए थे।

प्रकाश सिंह बादलः 15 अगस्त 2014 के दिन तत्कालीन पंजाब सीएम प्रकाश सिंह बादल पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नौकरी न मिलने से परेशान विक्रम सिंह नाम के युवक ने जूता फेंका था।
बीएस येदियुरप्पाः कर्नाटक बीजेपी के प्रमुख येदियुरप्पा पर 28 अप्रैल 2009 को चप्पल से हमला किया गया था। तत्कालीन सीएम येदियुरप्पा हासन जिले में एक रैली कर रहे थे।
नवीन पटनायकः ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर 20 फरवरी 2018 को बीजापुर में उपचुनाव के लिए प्रचार करने पहुंचे थे। सभा के दौरान एक युवक ने जूता फेंका, जो पटनायक के सिर के पास से निकला। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोपी को जमकर पीटा।
पी चिदंबरमः वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम 2009 में गृहमंत्री रहते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। उस दौरान एक पत्रकार ने उनकी तरफ जूता फेंक दिया।
जीतनराम मांझीः 5 जनवरी 2015 को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तान अवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी की तरफ भी जूता उछाला गया था।
नवीन जिंदलः वरिष्ठ कांग्रेस नेता नवीन जिंदल पर 2016 में एक शिक्षक ने जूता फेंका था।
लक्ष्मीनारायण चौधरीः 7 अक्टूबर 2018 को किसान क्रांति यात्रा के तहत कई किसान दिल्ली पहुंचे थे। गाजीपुर बॉर्डर के पास किसानों बातचीत करने के लिए योगी सरकार के मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी पर किसान ने जूता फेंका था, हालांकि वे बाल-बाल बच गए।
बीजेपी सांसद को विधायक ने पीटाः उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर से बीजेपी सांसद शरद त्रिपाठी ने मेंहदावल से अपनी ही पार्टी के विधायक राकेश सिंह को जूते से जमकर पीट दिया। इसके बाद विधायक ने भी सांसद को पीटा। इस घटना का वीडियो जमकर वायरल हुआ था। यह घटना 6 मार्च 2019 को हुई थी।
शरद पवारः 24 नवंबर 2011 को तत्कालीन कृषि मंत्री शरद पवार को एक युवक ने थप्पड़ मार दिया। हरविंदर सिंह नाम के इस युवक ने भ्रष्टाचार और महंगाई के विरोध में नारे लगाते-लगाते हमला बोल दिया। उस युवक ने कृपाण निकालकर हमले की धमकी भी दी थी। उसे नई दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।