Punjab Election Survey: एक और सर्वे में पंजाब में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर दिख रही है। टाइम्स नाउ के सर्वे में ये दावा किया गया है। दोनों ही पार्टियों के बीच वोट शेयरिंग भी थोड़ा सा ऊपर-नीचे है, हालांकि आप, यहां कांग्रेस को पछाड़ती दिख रही है।
वोट मीटर ऑन टीएननवभारत (VoteMeterOnTNNavbharat) सर्वे के अनुसार भगवंत मान को सीएम कैंडिडेट घोषित करना आप को फायदा पहुंचा सकता है। सर्वे में 59.32 प्रतिशत लोगों का मानना है कि भगवंत मान से आप को फायदा होगा, वहीं 31.72 प्रतिशत लोगों का कहना है कि इससे कोई फायदा नहीं होगा।
शुक्रवार को आए सर्वे के नतीजों के मुताबिक आप को 56-59 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस को 44 से 47 सीटें मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा अकाली दल को 10-13 सीटें, कैप्टन और बीजेपी को 0-3 सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है। इसके साथ ही संयुक्त समाज मोर्चा जो किसानों के ग्रुपों का संगठन है, उसे जीरो सीटें मिलने की बात कही गई है।
पार्टी | वोट प्रतिशत |
कांग्रेस | 34.14% |
अकाली+ | 15.61% |
आप | 41.45% |
संयुक्त समाज मोर्चा | 2.35% |
बीजेपी+कैप्टन | 3.86% |
अन्य | 2.60% |
आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में वोट प्रतिशत में भी आप, कांग्रेस से आगे है। इस सर्वे के अनुसार कांग्रेस को जहां 34.14 प्रतिशत वोट मिलने की उम्मीद है तो वहीं आप को 41.45 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है। बाकी में 15.61 प्रतिशत अकाली दल को तो बीजेपी+कैप्टन को 3.86 प्रतिशत वोट मिल सकता है।
सीएम के चेहरे के तौर पर वर्तमान सीएम चरणजीत सिंह चन्नी सबसे आगे हैं। चरणजीत सिंह को जहां 32.97 प्रतिशत लोगों ने वोट दिया है तो वहीं आप नेता भगवंत मान को 32.55 प्रतिशत लोगों ने अपना वोट दिया है। जबकि अमरिंदर सिंह के हिस्से 2.12 प्रतिशत वोट आया है।
वहीं नवजोत सिंह सिद्धू को सिर्फ 4.14 प्रतिशत लोगों ने सीएम के लिए अपना पसंदीदा उम्मीदवार बताया है। इसके साथ ही सुखबीर सिंह बादल को 9.32 प्रतिशत लोगों ने वोट दिया है।