पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस को टक्कर देती दिख रही है। अभी तक के सर्वे के अनुसार सीएम चरणजीत सिंह चन्नी सीएम फेस में सबसे आगे चल रहे हैं, वहीं आप की तरफ से सीएम फेस बनाए गए भगवंत मान, चन्नी से पीछे हैं। उधर मालवा रीजन में भगवंत मान आप को आगे निकालते दिख रहे हैं। मान इसी क्षेत्र से आते हैं और पंजाब की सबसे ज्यादा सीटें इसी क्षेत्र में है।
टाइम्स नाउ नवभारत के पंजाब चुनाव से संबंधित सर्वे में आम आदमी पार्टी सरकार बनाती दिख रही है। सर्वे के अनुसार कांग्रेस को 43 से 46 सीटें मिल रही हैं तो वहीं आप 57 से 60 सीटें जीत सकती है। बीजेपी और कैप्टन को 0-3 सीटें मिल सकती हैं। यानि कांग्रेस को फिलहाल कैप्टन से कोई खतरा नहीं रहा है।
इसके अलावा अकाली दल को 10-13 सीटें मिल सकती हैं तो वहीं किसानों के संगठन संयुक्त समाज मोर्चा को एक भी सीट नहीं मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं मालवा रीजन की बात करें तो आम आदमी पार्टी यहां 69 सीटों में से 39 से 40 सीटों पर विजय हासिल कर सकती है। वहीं कांग्रेस 18 से 19 सीटें जीत सकती है।
सीएम फेस की बात करें तो इस रेस में चन्नी सबसे आगे हैं। पंजाब सीएम और कांग्रेस के मुख्य चेहरों में से एक चरणजीत सिंह चन्नी को 34.78 प्रतिशत लोगों ने अपनी पसंद बताया है। वहीं 34. 63 लोगों ने आप के भगवंत मान को वोट दिया है। जबकि कैप्टन अमरिंदर सिंह के हिस्से 2.53 प्रतिशत वोट आया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को 4.36 प्रतिशत, सुखबीर सिंह बादल को 8.54 प्रतिशत लोगों ने अपनी पसंद बताया है। इस रेस में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी थे, उन्हें 7.91 प्रतिशत लोगों ने वोट किया है।
इसके साथ ही अगर सीएम चन्नी के कामकाज पर लोगों के मत की बात की जाए तो 46.32 प्रतिशत लोगों ने उनके कार्य पर प्रसन्नता जाहिर की है। जबकि 41.52 प्रतिशत लोगों ने नाखुशी जाहिर की है। जबकि 12.16 प्रतिशत लोगों ने ‘कह नहीं सकते हैं’ का ऑप्शन चुना है।
आप को भगवंत मान पंजाब चुनाव में फायदा पहुंचा सकते हैं। सर्वे के अनुसार 42.53 प्रतिशत लोगों ने माना है कि भगवंत को सीएम फेस घोषित करना आप को फायदा पहुंचाएगा। जबकि 38.15 प्रतिशत लोगों का मानना है कि इससे आप को फायदा नहीं होगा।