पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 27 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष विजय सांपला (Vijay Sampla) को फगवाड़ा से उम्मीदवार बनाया है। वहीं, फतेह सिंह बाजवा को बटाला से उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा पंजाब चुनाव के लिए 34 उम्मीदवारों की एक सूची पहले जारी कर चुकी है। इस तरह, पार्टी ने अब 61 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है।
भाजपा ने अमृतसर पश्चिम से कुमार अमित वाल्मिकि को टिकट दिया है। आनंदपुर साहिब से डॉ. परमिंदर शर्मा को टिकट दिया गया है और रुपनगर से इकबाल सिंह लालपुरा को टिकट दिया गया है। अटारी से बलविंदर कौर को पार्टी ने टिकट दिया है। गुरदासपुर से परमिंदर सिंह गिल को पार्टी ने टिकट दिया है।
समराला विधानसभा सीट से रंजीत सिंह गहलेवाल को भाजपा ने टिकट दिया है। लुधियाना उत्तर से प्रवीण बंसल को टिकट दिया गया है। मोगा से हरजोत कमल मोगा को पार्टी ने टिकट दिया है और लाम्बी से राकेश ढींगरा को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया है। इसके अलावा बरनाला से धीरज कुमार को टिकट दिया गया है।
भाजपा ने राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा की अध्यक्षता वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन किया है।
सीटों के बंटवारे के मुताबिक, पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से भाजपा 65 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) को 15 सीटें दी गई हैं।
इसके पहले, पंजाब चुनाव के लिए भाजपा द्वारा जारी 34 उम्मीदवारों की सूची में किसान परिवार से आने वाले 12 नेताओं को टिकट दिया गया था। इसके अलावा पार्टी ने 13 सिखों को टिकट दिया है। साथ ही पार्टी ने अनुसूचित जाति से आने वाले 8 उम्मीदवारों को भी टिकट दिया है।