सर्वे का दावा: पंजाब में बन सकती है कांग्रेस की सरकार, BJP-अकाली गठबंधन की हालत खराब
पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए मतदान चार फरवरी को होगा। नतीजे होली से ठीक दो दिन पहले 11 मार्च को घोषित होंगे।

पंजाब में विधानसभा चुनाव के चल रहे धुआंधार प्रचार के बीच इंडिया टुडे टीवी ने एक सर्वेक्षण के आधार पर अनुमान लगाया है कि राज्य में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलेगा, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) दूसरे स्थान पर रहेगी। चुनाव पूर्व सर्वेक्षण का प्रसारण मंगलवार को किया गया। एक्सिस एपीएम और इंडिया टुडे समूह द्वारा किए गए सर्वेक्षण के अनुसार, कांग्रेस को 60-65 सीटें मिल सकती हैं। सर्वेक्षण में दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) को 41-44 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। आप पंजाब में पहली बार विधासभा चुनाव लड़ रही है। लोकसभा चुनाव में इसे इसी राज्य में चार सीटें मिली थीं।
सर्वेक्षण में कहा गया है कि सत्ताधारी शिरोमणि अकाली दल (सिअद)-भाजपा गठबंधन को 11-15 सीटें मिल सकती हैं। सर्वेक्षण में अन्य को शून्य से दो सीटें दी गई हैं। सर्वेक्षण के अनुसार, कांग्रेस को कुल वोट का 37 प्रतिशत, आप को 34 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। सिअद-भाजपा गठबंधन को 25 प्रतिशत तथा अन्य को पांच प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए मतदान चार फरवरी को होगा। नतीजे होली से ठीक दो दिन पहले 11 मार्च को घोषित होंगे।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।