scorecardresearch

Nagaland Assembly Election 2023: राज्य के गठन के बाद कभी कोई महिला नहीं जीती चुनाव, मतदान में पुरुषों से ज्यादा रहती है भागीदारी

Nagaland Assembly Election 2023: 1 दिसंबर, 1963 को नागालैंड भारतीय संघ का 16वां राज्य बना। नागालैंड में अब तक 13 विधानसभा चुनाव हुए हैं, जिसमें कोई भी महिला कभी भी सीट नहीं जीत पाई।

Nagaland Assembly Election | Legislative Assembly Nagaland | Nagaland Assembly
Nagaland Assembly Election 2023: नागालैंड विधानसभा चुनाव। (प्रतीकात्मक फोटो)

Nagaland Assembly Election 2023: नागालैंड की14वीं विधानसभा के लिए 27 फरवरी को मतदान होगा। चुनाव में 13,17,634 मतदाता अपने माताधिकार का प्रयोग करेंगे, लेकिन इस राज्य की जो सबसे खास बात है, वो यह है कि यहां महिला विधायक एक भी नहीं है। इस साल नौ राज्यों में चुनाव होना है, जिसको 2024 की प्रस्तावना के रूप में भी देखा जा रहा है।

राजनीति की बात करें तो नागालैंड में कई अनूठी बातें हैं। राज्य की सभी 60 निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित हैं। यहां पुरुषों की तुलना में महिला मतदान की संख्या अधिक रहती है, लेकिन उसके बावजूद राज्य में एक भी महिला विधायक नहीं है। राज्य की राजनीति में निर्दलीय की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रहती है।

1 दिसंबर, 1963 को नागालैंड भारतीय संघ का 16वां राज्य बना

1 दिसंबर, 1963 को नागालैंड भारतीय संघ का 16वां राज्य बना। नागालैंड में अब तक 13 विधानसभा चुनाव हुए हैं, जिसमें कोई भी महिला कभी भी सीट नहीं जीत पाई। जबकि 2011 की जनगणना के अनुसार राज्य का लिंगानुपात 931:1000 है। राज्य साक्षरता दर जैसे कई लैंगिक समानता संकेतकों पर कई अन्य राज्यों से बेहतर प्रदर्शन करता है।

नागालैंड में ऐसे विधानसभा चुनाव भी हुए हैं, जिनमें कोई महिला उम्मीदवार मैदान में नहीं थी। राज्य में पहली बार 1964 में चुनाव हुए, लेकिन इस चुनाव में एक भी महिला उम्मीदवार नहीं थी। 1969 में हुए दूसरे विधानसभा चुनाव में 40 सीटों के लिए केवल दो महिलाएं मैदान में थीं। दोनों बड़े अंतर से हार गईं। 1969 के नागालैंड चुनाव में पहली बार 76.47% पुरुषों की तुलना में 80.51% महिला मतदाताओं ने मतदान किया।

चुनाव में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों की अपेक्षा अधिक रही

नागालैंड में 1993, 1998 और 2003 को अगर छोड़ दें तो सभी चुनावों में महिलाओं के मतदान की भागीदारी पुरुषों की अपेक्षा अधिक रही। हालांकि, महिलाओं के चुनाव जीतने में विफल रहने का चलन जारी रहा। 1964 के चुनाव की तरह, तीसरे (1974), चौथे (1977) और 9वें विधानसभा चुनावों में कोई महिला उम्मीदवार मैदान में नहीं थी।

1982 में हुए 5वें विधानसभा चुनाव में केवल एक महिला थीं। रानो एम शाज़ियाज़, जो नागालैंड की पहली लोकसभा सांसद थीं। उन्होंने पश्चिमी अंगामी से निर्दलीय चुनाव लड़ा और हार गईं। शाज़ियाज़ अब तक नागालैंड से लोकसभा के लिए चुनी गई एकमात्र महिला हैं। जबकि साल 2022 में बीजेपी नेता एस फांगनोन कोन्याक नागालैंड से पहली महिला राज्यसभा सांसद बनीं।

पढें Elections 2023 (Elections News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 18-02-2023 at 15:41 IST
अपडेट