Lok Sabha Election 2019: पूरे देश में 17वीं लोकसभा के गठन के लिए चुनाव शुरू हो चुके हैं। पहले चरण का मतदान संपन्न हो चुका है। दूसरे चरण में 18 अप्रैल को 13 राज्यों की 97 लोकसभा सीटों के वोट डाले जाएंगे। इसे लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी है। इस बीच पश्चिम बंगाल से एक वीडियो सामने आया है, जिसने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। इस वायरल वीडियो में यह दिख रहा है कि एक आदमी के इशारे पर कुछ लोग भाजपा के झंडे को हटा रहे हैं। वीडियो उत्तरी कोलकाता का बताया जा रहा है। झंडा हटाने का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा है। वीडियो में दिख रहा है कि एक सफेद शर्ट पहने व्यक्ति दो लोगों को भाजपा के झंडे को हटाने और उस जगह पर टीएमसी का झंडा लगाने का निर्देश देता है। उसके निर्देश पर एक व्यक्ति दीवाल पर चढ़ता है और भाजपा के झंडे को हटाकर सड़क पर फेंक देता है।
यह पहली बार नहीं है जब कथित तौर पर टीएमसी द्वारा भाजपा के झंडे को हटाया गया है। इस महीने की शुरूआत में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली के दौरान उन सारे रास्तों से बीजेपी के झंडे और पोस्टर हटा दिए गए थे, जहां से वे गुजरने वाले थे। हालांकि, ताजा घटनाक्रम को लेकर भाजपा ने कहा है कि वह इस मुद्दे को चुनाव आयोग के समक्ष ले जाएगा।
चुनाव की घोषणा से कुछ महीने पहले फरवरी में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ‘मेरा परिवार, भाजपा परिवार’ कार्यक्रम लॉन्च किया था। इसके तहत पूरे देश में पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों को भाजपा का झंडा, स्टिकर अपने घर पर लगाने को कहा गया था। हालांकि, पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व से कहा था कि ऐसा करने से टीएमसी के आतंकराज की चपेट में आ जाएंगे। पश्चिम बंगाल भाजपा इकाई ने कहा था कि कई क्षेत्रों में उन्हें निशाना बनाया जाएगा। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में सभी सात चरणों में मतदान होने हैं। उत्तरी कोलकाता से निवर्तमान सांसद सुदीप बंधोपध्याय पर टीएमसी ने एक बार फिर से विश्वास जताया है। वहीं, भाजपा ने राहुल सिन्हा को यहां से मैदान में उतारा है।

