सहारनपुर लोकसभा सीट पर बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। यहां कांग्रेस के इमरान मसूद ने बीजेपी के राघव लखनपाल शर्मा को हरा दिया है। इस सीट पर कांंग्रेस के इमरान मसूद को 547967 वोट मिले जबकि राघव लखनपाल शर्मा को 483425 वोटों से संतोष करना पड़ा। इमरान मसूद ने यहां 64,542 वोटों से राघव लखनपाल शर्मा को हराया। बसपा के माजित अली को महज 1,80,353 वोटों से संतोष करना पड़ा।
बसपा के आने से दिलचस्प हुआ मुकाबला
इंडिया गठबंधन के तहत यह सीट कांग्रेस को मिली थी। कांग्रेस ने इमरान मसूद को उम्मीदवार बनाया है तो वहीं भाजपा ने अपने पुराने सांसद रहे राघव लखनपाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। बसपा ने इस सीट पर मुस्लिम उम्मीदवार माजिद अली को उतारा था। शुरुआत में ऐसा लगा कि उनके आने से मुकाबला दिलचस्प होगा लेकिन इमरान मसूद ने यहां आसानी से जीत दर्ज की।
Lok Sabha Election Result 2024 । Uttar Pradesh Lok Sabha Chunav Result 2024
2019 में बसपा की हुई थी जीत
अगर हम पिछले पांच चुनाव की बात करें तो इस सीट पर तीन बार बीएसपी, एक बार समाजवादी पार्टी और एक बार बीजेपी ने जीत दर्ज की है। 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा के हाजी फजलुर रहमान ने सहारनपुर से जीत दर्ज की थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा और सपा के बीच गठबंधन था। बसपा के उम्मीदवार को यहां पर 5,14,139 वोट मिले थे जबकि भाजपा के राघव लखनपाल को 4,91,722 वोट मिले थे। इस प्रकार से बीजेपी की 22,417 वोटों से हार हुई थी।
सहारनपुर का जातीय समीकरण
सहारनपुर लोकसभा सीट पर मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। यहां पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या करीब 6.5 लाख हैं। जबकि दलित मतदाताओं की संख्या 3.5 लाख और क्षत्रिय मतदाताओं की संख्या डेढ़ लाख है। सहारनपुर लोकसभा सीट पर सैनी डेढ़ लाख, गुर्जर डेढ़ लाख और ब्राह्मण वोटरों की संख्या भी करीब एक लाख है।
