Lok Sabha Election 2019: पार्टी सिंबल के साथ पोलिंग बूथ पहुंचे BJP सांसद, चुनाव आयोग ने कर दिया नजरबंद
Lok Sabha Election 2019 Phase 2 Voting Today Hindi News Updates: बुलंदशहर से बीजेपी उम्मीदवार भोला सिंह को पोलिंग बूथ पर पार्टी के सिंबल के साथ जाने पर चुनाव आयोग ने सख्ती दिखाई। इसके बाद डीएम ने कार्रवाई करते हुए भोला सिंह के किसी भी पोलिंग बूथ पर जाने से रोक लगा दी।

Lok Sabha Election 2019 Phase 2 Voting Updates: उत्तर प्रदेश में आज (18 अप्रैल) दूसरे चरण के तहत आठ लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इस बीच बुलंदशहर से बीजेपी उम्मीदवार भोला सिंह को पोलिंग बूथ पर जाने से रोका गया तो सुरक्षाकर्मी से उनकी नोकझोंक हो गई। इसके बाद मामले में चुनाव आयोग की सख्ती के बाद जिले के डीएम ने कार्रवाई करते हुए भोला सिंह के किसी भी पोलिंग बूथ पर जाने से रोक लगा दी। बताया जा रहा है कि उन्हें आज के लिए जिला प्रशासन ने नजरबंद कर दिया। साथ ही, मामले में नोटिस भी जारी किया गया है। बता दें कि आज उत्तर प्रदेश की अलीगढ़, अमरोहा, बुलंदशहर, हाथरस, मथुरा, आगरा, फतेहपुर सीकरी और नगीना लोकसभा सीट पर मतदान हो रहा है।
National Hindi News, 18 April 2019 LIVE Updates: दिन भर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पोलिंग बूथ पर हुई थी नोकझोंक: बता दें कि बुलंदशहर में मतदान के दौरान बीजेपी उम्मीदवार जेपी जनता इंटर कॉलेज के पोलिंग बूथ पर पहुंचे थे। इस दौरान आरोप है कि उन्होंने चुनावी नियमों को तोड़कर गलत तरीके से पोलिंग बूथ में घुसने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि वो मतदान स्थल के पास पार्टी के निशान के साथ लोगों का अभिवादन कर रहे थे। इससे पहले सुरक्षाकर्मी और भोला सिंह के बीच तकरार हुई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मी ने बीजेपी उम्मीदवार की डीएम अभय सिंह से बात भी कराई। इसके बाद डीएम ने भोला सिंह को कमरे के अंदर जाने की इजाजत दी।
गौरतलब है कि सांसद भोला सिंह द्वारा आचार संहिता का उल्लंघन करने व अन्य प्रत्याशियों की शिकायत पर उनको नजरबंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है। यह आदेश डीएम अभय सिंह ने जारी किया। हालांकि भोला सिंह का कहना है कि उन्होंने किसी भी प्रकार से नियमों का उल्लंघन नहीं किया। उन्होंने कहा कि वो मतदान कक्ष में व्यवस्था देखने गए थे, ईवीएम के पास नहीं।