लखनऊ में राहुल-प्रियंका संग तस्वीर पोस्ट कर बोले ज्योतिरादित्य सिंधिया- ‘आ देखें जरा, किसमें कितना है दम’
सिंधिया ने दोबारा ट्वीट किया और लिखा कि यह बात तो साफ है कि ये सरकार तो जाने वाली है, बदलाव आने वाला है।

लखनऊ की गलियों से प्रियंका गांधी ने अपने चार दिवसीय लखनऊ दौरे का आगाज कर दिया है। सोमवार को हुए मेगा रोड शो के साथ ही लोकसभा चुनाव 2019 के लिए प्रियंका जनता और कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच गई हैं। रोड शो में प्रियंका के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया, यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर, पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह भी शामिल थे। सिंधिया ने लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरते ही प्रियंका के साथ एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें फिल्मी डायलॉग का भी इस्तेमाल किया गया।
सिंधिया ने किया ये ट्वीटः सिंधिया ने राहुल और प्रियंका के साथ एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें उन्होंने रॉकी फिल्म का एक डॉयलाग लिखा- ‘आ देखें जरा किसमें कितना है दम, जम के रखना कदम मेरे साथियां।’ इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया गया। थोड़ी देर बाद सिंधिया ने दोबारा ट्वीट किया और लिखा कि यह बात तो साफ है कि ये सरकार तो जाने वाली है, बदलाव आने वाला है। उल्लेखनीय है कि लखनऊ में कांग्रेस का यह रोड शो एयरपोर्ट से कांग्रेस दफ्तर (नेहरू भवन) तक किया गया, जिसकी कुल दूरी 15 किलोमीटर थी।
आ देखे जरा किसमे कितना है दम,
जम के रखना कदम मेरे साथिया pic.twitter.com/6pTjBLrXJ9— Jyotiraditya Scindia (@JM_Scindia) February 11, 2019
सुबह से जमे थे कांग्रेस कार्यकर्ताः प्रियंका गांधी के मेगा रोड शो को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काफी तैयारियां की थीं। हवाईअड्डे से लेकर पार्टी मुख्यालय तक उनका गुलाब की पंखुड़ियों और गेंदे के फूलों की माला से स्वागत किया गया। रैली में शामिल लोगों के लिए बिस्किट के पैकेट, चाय आदि की व्यवस्था भी की गई थी। लाउड स्पीकर पर देशभक्ति के गाने चलाए जा रहे थे।
पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगी प्रियंकाः लखनऊ में प्रियंका गांधी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान प्रियंका गांधी को सौंपे जाने के बाद इस क्षेत्र में मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। कई लोग कांग्रेस पार्टी के इस कदम को राज्य में एक गेम-चेंजर मानते हैं।
अद्भुत, ऐतेहासिक, जनसमर्थन के लिए धन्यवाद लखनऊ।
संकेत साफ हैं – सरकार जाने को है, बदलाव आने को है।#NayiUmeedNayaDesh pic.twitter.com/PLVseCLwoD
— Jyotiraditya Scindia (@JM_Scindia) February 11, 2019