पंकज रोहिला

सुबह से ही मंडोली गांव के पास लोगों का जमावड़ा लगा था। भारी पुलिस बंदोबस्त और कमल निशान वाली गाड़ियां सभी को रुकने के लिए मजबूर कर रही थीं। यह काफिला भोजपुरी स्टार, सांसद व भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी का था। करीब सवा दस बजे मंडोली गांव में इस काफिले ने प्रवेश किया। भाजपा के स्थानीय मंडलों ने जुड़ कर इसे काफिले में तब्दील किया। गांव में लोगों ने प्रत्याशी का पगड़ी व तलवार देकर सम्मान किया ।

मनोज तिवारी के चेहरे पर उम्मीद दिख रही थी कि छोटे मोहल्लों की इन छोटी गलियों से उन्हें समर्थन मिलेगा। आगे डीजे की धुन पर नाचते बच्चे और उनके ठीक पीछे भाजपा के झंडे के साथ मोटरसाइकिल सवार चल रहे थे। छतों से सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे लोगों का अभिवादन करते हुए मनोज तिवारी ने लोगों से कमल निशान पर समर्थन मांगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हुए हमले का असर था कि चारों तरफ कड़ा सुरक्षा घेरा था और पुलिस पहले से अधिक चौकस थी।

अपने घर के मंदिर में पूजा के बाद तिवारी प्रचार पर निकले थे। बीच राह में लोकसभा क्षेत्र में किए अपने काम भी गिनाए। सबोली हाट के काम के बाद लोगों को जल्द ही नई रेलगाड़ी रुकने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए मंत्रालय भी मंजूरी दे चुका है और जल्द चार ट्रेन उनके क्षेत्र को लाभ देगी। वहीं मार्ग में आए गड्ढों के लिए दिल्ली सरकार पर हमला करना नहीं भूले। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार ने कॉलोनियों के कामों को फंसा दिया है। इस वजह से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों के आग्रह पर तिवारी ने जगह-जगह खानपान का भी आनंद लिया।

मंडोली, सबोली और मीत नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में यह रोड शो हुआ। इससे पहले गोकुलपुर इलाके के कुछ परिवारों से हुई बैठक कर भाजपा के लिए समर्थन मांगा गया। रोड शो तीन घंटे में पूरा हुआ। इसके बाद उन्होंने हाल ही में भाजपा में शामिल हुए सुग्रीव चौधरी के घर भोजन किया और बैठकों के अगले दौर के लिए निकल पड़े। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार व समर्थन मिल रहा है। भाजपा पहले से भी अधिक वोट से अपनी जीत दर्ज कराएगी।