Election Results 2019: भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सीआर पाटिल ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। पाटिल ने गुजरात की नवसारी लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी को 6.89 लाख वोटों के अंतर से हराया है। वोटों का यह अंतर 2019 चुनाव में सबसे बड़ा है। वहीं, यह भारतीय चुनाव इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी जीत है। यह आंकड़ा प्रीतम मुंडे को अक्टूबर 2014 में महाराष्ट्र की बीड सीट पर हुए उप चुनाव में मिली 6.96 लाख वोटों के अंतर से जीत से थोड़ा ही कम है। बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे की मृत्यु के बाद इस सीट पर उनकी बेटी ने चुनाव लड़ा था।

पाटिल ने पीएम नरेंद्र मोदी को वाराणसी में मिली जीत के अंतर को भी पीछे छोड़ दिया है। इस बार पीएम नरेंद्र मोदी को यहां 4 लाख 80 हजार वोटों से जीत मिली है। वहीं, पार्टी के ही नेता वीके सिंह ने भी मोदी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सिंह को 5 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत मिली है। सिंह ने समाजवादी पार्टी के नेता सुरेश बंसल को गाजियाबाद सीट पर शिकस्त दी। वहीं, बीजेपी के गिरिराज सिंह ने सीपीएम के कन्हैया कुमार को बेगुसराय में 4 लाख 44 हजार वोटों के अंतर से शिकस्त दी है। पाटिल के अलावा बीजेपी के ही संजय भाटिया, कृष्ण पाल और सुभाष चंद्र बहेरिया ने भी 6 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से चुनावी जीत दर्ज की है।

Loksabha Election 2019 Results live updates: See constituency wise winners list

वहीं, बीजेपी के एक दर्जन से ज्यादा प्रत्याशी 5 लाख से ज्यादा मार्जिन से जीते हैं। जीत का सबसे कम मार्जिन यूपी के मछलीशहर से जीते बीजेपी कैंडिडेट भोलानाथ का है। उन्होंने महज 181 वोटों से अपने विरोधी प्रत्याशी को शिकस्त दी। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की बात करें तो गांधीनगर सीट से पहले बार चुनावी मैदान में उतरे शाह ने 5.57 लाख वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। अमित शाह ने पार्टी के वेटरन नेता लालकृष्ण आडवाणी को 2014 में मिली 4 लाख 83 हजार वोटों से जीत का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।