Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर जनता उन्नयन पार्टी के नेता हुमायूं पर टीएमसी बीजेपी के साथ साठ-गांठ करने के गंभीर आरोप लगाए थे जिसे गृहमंत्री अमित शाह ने खारिज कर दिया। इसके अलावा सवाल यह भी उठ रहे हैं कि अगर बंगाल के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत होती है, तो बीजेपी की ओर से सीएम दावेदार कौन होगा? जिस पर अमित शाह ने वंशवाद और भाई-भतीजावाद का उल्लेख करते हुए टीएमसी पर बड़ा हमला बोला है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बंगाल में बीजेपी के सीएम के मुद्दे पर कहा, “हम कोई वंशवादी दल नहीं हैं, जिसमें बुआ के बाद भतीजा सत्ता संभाले. मैं बंगाल के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हमारा मुख्यमंत्री एक बंगाली होगा और बंगाल का निवासी होगा।” इसके अलावा अमित शाह ने हुमायू कबीर के मुद्दे पर भी आक्रामक जवाब दिया।
अमित शाह ने हुमायूं कबीर पर क्या कहा?
बता दें कि हुमायूं कबीर पिछले साल बंगाल में अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक मस्जिद बनाने के प्रयासों के कारण सुर्खियों में आए थे। हुमायूं कबीर को टीएसमी ने अपनी पार्टी से निकाल दिया था। इसके बाद हुमायूं कबीर ममता बनर्जी और टीएमसी के खिलाफ आक्रामक थे और उन्होंने बंगाल चुनाव में टीएमसी को टक्कर देने के लिए जनता उन्नयन पार्टी के नाम से नया राजनीतिक संगठन बनाया था।
हुमायूं कबीर विवाद पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ऐसे 2,000 वीडियो बना सकती हैं, और उन्होंने बीजेपी और हुमायूं कबीर के बीच अंतर को उत्तर-दक्षिण ध्रुव के एक सरल उदाहरण से समझाया। अमित शाह ने कहा, “शायद आपको ममता जी की क्षमताओं का अंदाजा नहीं है। वह ऐसे 2000 वीडियो बना सकती हैं।” अमित शाह ने आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए कहा, “हुमायूं कबीर और बीजेपी दक्षिण ध्रुव और उत्तर ध्रुव की तरह हैं। हम कभी एकमत नहीं हो सकते।” उन्होंने कहा, “हम बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने वालों के साथ बैठने की बजाय अगले 20 साल विपक्ष में बैठना पसंद करेंगे।”
स्टिंग ऑपरेशन पर BJP ने उठाए सवाल
बंगाल चुनाव के लिए 23 अप्रैल को होने वाली पहले चरण की वोटिंग से कुछ हफ्ते पहले एक ‘स्टिंग’ वीडियो वायरल हो गया, जिसमें कथित तौर पर हुमायूं कबीर को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वह बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में थे और उन्होंने तृणमूल को हराने के लिए 1,000 करोड़ रुपये का सौदा किया था।
बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने हुमायूं कबीर का स्टिंग ऑपरेशन जारी किया था और बीजेपी से उनकी सेटिंग होने का आरोप लगाया था। हालांकि हुमायूं कबीर ने कहा है कि यह वीडियो राजनीतिक लाभ के लिए फैलाया जा रहा एक फर्जी वीडियो है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं भाजपा प्रत्याशी रत्ना देबनाथ? जिन्हें लेकर स्मृति ईरानी ने कहा- TMC ने इस मां को न्याय क्यों नहीं दिलवाया
कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज में अपनी डॉक्टर बेटी की हत्या के बाद दुख में डूबी रत्ना देबनाथ को भाजपा ने पश्चिम बंगाल की पानीहाटी सीट से मैदान में उतारा है। रत्ना देबनाथ गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ अपना नामांकन करने जा रही थीं तो इस दौरान उनकी साथ काफी भीड़ थी। पढ़िए पूरी खबर…
