2019 Lok Sabha Election: नवीन पटनायक का बड़ा ऐलान, महिलाओं को कम से कम 33 फीसदी टिकट देगी BJD
राज्य के केंद्रपाड़ा में बीजेडी सुप्रीमो और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने लोकसभा चुनाव के लिए 33 फीसदी टिकट महिलाओं के लिए आरक्षित करने का फैसला लिया है। बता दें कि ओडिशा में 147 विधायकों मेें से फिलहाल सिर्फ 12 महिलाएं हैं।

2014 Lok Sabha Election से पहले बीजू जनता दल (बीजेडी) ने बड़ा ऐलान किया है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के ठीक बाद ओडिशा में सत्ताधारी पार्टी ने महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। बीजेडी ने आगामी लोकसभा चुनाव में कम से कम 33 फीसदी टिकट महिलाओं को देने का ऐलान किया है। उल्लेखनीय है कि देश में महिलाओं की राजनीति में भूमिका बढ़ाने के लिए लंबे समय से बहस जारी है, केंद्र में महिला आरक्षण बिल लाने की मांग की जाती रही है।
राज्य के केंद्रपाड़ा में बीजेडी सुप्रीमो और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा, ‘मैंने लोकसभा चुनाव के लिए 33 फीसदी टिकट महिलाओं के लिए आरक्षित करने का फैसला लिया है। मुझे इस बात की खुशी है।’ गौरतलब है कि 21 लोकसभा सीटों वाले ओडिशा से फिलहाल सिर्फ दो महिलाएं लोकसभा सांसद हैं। राज्य में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। बता दें कि 147 विधायकों मेें से फिलहाल सिर्फ 12 महिलाएं हैं।
‘संयुक्त राष्ट्र ने की तारीफ’: पटनायक ने यह बयान एक महिला स्व-सहायता समूह के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिया। उन्होंने यह भी कहा, ‘पार्टी के प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र ने भी सराहा है। संयुक्त राष्ट्र ने इसे लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में अच्छा प्रयास बताया।’ गौरतलब है कि केंद्र में महिला आरक्षण बिल का मामला लंबे समय से अटका हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सत्ता में आने पर इस बिल को पास करवाने का आश्वासन दिया था।
यूपीए सरकार के दौरान 2008 में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए 108वां संविधान संशोधन बिल पेश किया गया था। 2010 में इसे राज्यसभा से भी मंजूरी मिल गई थी। 2014 के चुनाव में बीजेपी ने भी इस बिल को अपने घोषणा पत्र में जगह दी थी। बीजेपी और कांग्रेस के अलावा लेफ्ट, एनसीपी, AIADMK और DMK ने भी इसे समर्थन की बात कही है