World Teachers Day 2026: शिक्षक सिर्फ किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि छात्रों को सही-गलत की पहचान करना, सवाल पूछना और जीवन में आगे बढ़ना भी सिखाते हैं। दुनिया भर में शिक्षकों के इसी योगदान को सम्मान देने के लिए हर साल 5 अक्टूबर को विश्व शिक्षक दिवस (World Teachers Day) मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य शिक्षकों के योगदान को पहचानने के साथ उनकी चुनौतियों और बेहतर कार्य परिस्थितियों पर ध्यान देना भी है।

विश्व शिक्षक दिवस 2026 छात्रों के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि इस साल शिक्षक पेशे से जुड़े एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समझौते के 60 साल पूरे हो रहे हैं। वहीं, यूनेस्को की एक रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2030 तक दुनिया को प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा के लक्ष्य पूरे करने के लिए 4.4 करोड़ अतिरिक्त शिक्षकों की जरूरत पड़ सकती है।

World Teachers Day 2026 की थीम क्या है?

यूनेस्को ने विश्व शिक्षक दिवस 2026 की थीम “Standing with teachers: 60 years of protecting the profession, advancing its status and shaping our futures.” रखी है। इसका भावार्थ है, शिक्षकों के साथ खड़े रहना, 60 वर्षों से उनके पेशे की सुरक्षा और प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाना तथा हमारे भविष्य को आकार देने में उनकी भूमिका को पहचानना।

इस साल की थीम का जोर केवल शिक्षकों को धन्यवाद देने तक सीमित नहीं है। इसमें यह समझने पर भी ध्यान दिया जा रहा है कि शिक्षकों को अच्छा काम करने के लिए किस तरह का सहयोग, सम्मान, प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलनी चाहिए।

5 अक्टूबर को ही क्यों मनाया जाता है World Teachers Day?

छात्रों के मन में अक्सर सवाल आता है कि भारत में शिक्षक दिवस 5 सितंबर को मनाया जाता है, जबकि विश्व शिक्षक दिवस 5 अक्टूबर को क्यों होता है? इसकी वजह इतिहास से जुड़ी है।

5 अक्टूबर 1966 को पेरिस में यूनेस्को और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के सहयोग से आयोजित एक विशेष अंतर-सरकारी सम्मेलन में शिक्षकों की स्थिति से संबंधित सिफारिश को अपनाया गया था।

इस सिफारिश में शिक्षकों के अधिकारों और जिम्मेदारियों, उनकी ट्रेनिंग, भर्ती, रोजगार और पढ़ाने-सीखने की परिस्थितियों से जुड़े मानक तय किए गए थे। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में विश्व शिक्षक दिवस मनाया जाता है। इसे पहली बार 1994 में मनाया गया था।

छात्रों के लिए विश्व शिक्षक दिवस से जुड़ी 5 रोचक बातें

भारत और दुनिया में शिक्षक दिवस की तारीख अलग है

भारत में शिक्षक दिवस हर साल 5 सितंबर को मनाया जाता है। वहीं, विश्व शिक्षक दिवस 5 अक्टूबर को आता है। दोनों का उद्देश्य शिक्षकों के योगदान का सम्मान करना है, लेकिन इनके पीछे ऐतिहासिक कारण अलग हैं।

साल 2026 में पूरे हो रहे हैं 60 साल

1966 में शिक्षकों की स्थिति से जुड़ी UNESCO-ILO सिफारिश अपनाई गई थी। विश्व शिक्षक दिवस 2026 इसी दस्तावेज के 60 वर्ष पूरे होने को भी रेखांकित करता है।

दुनिया को 4.4 करोड़ अतिरिक्त शिक्षकों की जरूरत

UNESCO के अनुमान के मुताबिक, 2030 तक प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा के वैश्विक लक्ष्यों को पूरा करने के लिए 44 मिलियन यानी 4.4 करोड़ अतिरिक्त शिक्षकों की जरूरत होगी। यह आंकड़ा बताता है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता कितनी जरूरी है।

अब शिक्षकों के सामने AI और डिजिटल तकनीक की चुनौती भी

आज शिक्षक केवल ब्लैकबोर्ड और किताबों तक सीमित नहीं हैं। डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, समावेशी शिक्षा और बदलते सामाजिक हालात भी पढ़ाने के तरीकों को प्रभावित कर रहे हैं।

शिक्षक दिवस सिर्फ बधाई देने का दिन नहीं

इस दिन का एक अहम उद्देश्य यह भी है कि शिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण, सम्मान, उचित कार्य परिस्थितियां और फैसले लेने में अपनी बात रखने का अवसर मिले। छात्रों के लिए यह अपने शिक्षकों के योगदान को समझने का भी मौका है।

UNESCO की रिपोर्ट में शिक्षकों की कमी का क्या मतलब है?

यूनेस्को की ग्लोबल रिपोर्ट ऑन टीचर्स के अनुसार, दुनिया में प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा के लिए शिक्षकों की बड़ी कमी है। अनुमान है कि 2030 तक इस स्तर की शिक्षा के लिए 4.4 करोड़ अतिरिक्त शिक्षकों की जरूरत होगी। यह केवल शिक्षकों की संख्या बढ़ाने का मामला नहीं है। शिक्षकों को पेशे में बनाए रखना, उन्हें उचित वेतन और बेहतर कार्य परिस्थितियां देना, प्रशिक्षण उपलब्ध कराना और काम का दबाव कम करना भी जरूरी है।

छात्रों के लिए इसका सीधा मतलब है कि अच्छी शिक्षा के लिए स्कूलों में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित और सहयोग पाने वाले शिक्षकों का होना बेहद महत्वपूर्ण है।

आज के समय में शिक्षकों की भूमिका क्यों बदल रही है?

पहले शिक्षक की भूमिका को मुख्य रूप से कक्षा में पढ़ाने और पाठ्यक्रम पूरा कराने से जोड़ा जाता था। लेकिन अब छात्रों को जानकारी समझने, उसका विश्लेषण करने और सही सवाल पूछने के लिए तैयार करना भी जरूरी हो गया है।

यूनेस्को ने 2026 के संदर्भ में डिजिटल तकनीक, जलवायु परिवर्तन, समावेशी शिक्षा, पलायन और विस्थापन जैसी चुनौतियों का उल्लेख किया है। इन बदलावों के बीच शिक्षकों को नए कौशल और संस्थागत सहयोग की जरूरत है।

भारत में शिक्षक दिवस कब मनाया जाता है?

भारत में हर साल 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। यह दिन देश के पूर्व राष्ट्रपति और शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। वहीं, 5 अक्टूबर को मनाया जाने वाला विश्व शिक्षक दिवस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षकों के अधिकारों, स्थिति और शिक्षा में उनके योगदान पर ध्यान केंद्रित करता है। इसलिए दोनों दिवसों का उद्देश्य शिक्षकों का सम्मान करना है, लेकिन उनकी पृष्ठभूमि और महत्व अलग-अलग हैं।