जहां आज के समय में देश के युवा की यह कोशिश होती है कि कड़ी मेहनत करके एक सरकारी नौकरी हासिल कर ली जाए वहां छत्तीसगढ़ की एक होनहार लड़की ने 23 साल की उम्र में 19 सरकारी नौकरी की परीक्षाएं पास करके एक अलग ही उपलब्धि हासिल कर ली है। अब इस होनहार लड़की को उसकी उपलब्धि के लिए देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी स्वतंत्रता दिवस पर गोल्ड मेडल से सम्मानित करेंगी। छत्तीसगढ़ के तिल्दा की रहने वाली चारु पांडे की कहानी लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बन गई है।
अभी कहां पोस्टेड हैं चारु पांडेय?
सिर्फ 23 साल की उम्र में चारु पांडेय ने 19 गर्वनमेंट जॉब्स के एग्जाम को क्वालीफाई कर लिया है और वर्तमान में वह चेन्नई में स्थित CAG विभाग में ऑडिट ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। चारु पांडेय ने अपने करियर में जिन 19 परीक्षाओं को पास किया है उनमें एसएससी, रेलवे, बैंकिंग और दिल्ली पुलिस की भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं। चारु ने अभी तक जिस किसी भी भर्ती परीक्षा का फॉर्म भरा उस एग्जाम को क्लियर भी किया।
चारु पांडेय ने इन परीक्षाओं को किया है पास
एसएससी सीजीएल, एसएससी सीएचएसएल, एसएससी एमटीएस, एसएससी जीडी, एसएससी सीपीओ, नेट जेआरएफ, एसबीआई क्लर्क, CGTET, आरआरबी ग्रुप डी, आरआरबी एनटीपीसी, छत्तीसगढ़ पुलिस एसआई, CG NHM, ट्रांसपोर्ट सब इंसपेक्टर, एसएससी सीजीएल (2023), एसएससी सीएचएसएल (2023), एसएससी एमटीएस (2023) और आरआरबी ग्रुप डी (2023)
कॉलेज के साथ ही शुरू कर दी थी तैयारी
चारु पांडेय का संघर्ष सिर्फ इस बात से पता नहीं चलता कि उन्होंने 19 सरकारी नौकरी के एग्जाम पास किए हैं बल्कि उनका असली संघर्ष उनके यहां तक पहुंचने का है। खुद को इस तरह से तैयार करने का रास्ता बिल्कुल भी आसान नहीं था। चारू ने स्कूल में पढ़ाई के वक्त ही तय कर लिया था कि उन्हें सरकारी सेक्टर में करियर बनाना है, इसलिए उन्होंने अपनी रेगुलर कॉलेज की पढ़ाई जारी रखते हुए कॉम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी शुरू कर दी। तैयारी के बीच में कई बार उन्हें निराशा हाथ लगी, लेकिन उन्होंने निराशा को हथियार बनाते हुए उससे नई सीख ली और कामयाबी को हासिल किया।
चारु पांडेय ने क्या दिए टिप्स
अपनी तैयारियों के बारे में बात करते हुए चारु ने बताया कि उन्होंने विषयवार रणनीति, नियमित माक टेस्ट और निरंतर स्व-विश्लेषण को अपनी तैयारी का आधार बनाया। उनका मानना है कि यदि विद्यार्थी स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करें, तो सफलता अवश्य प्राप्त की जा सकती है।
