उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने तीन नई प्राइवेट यूनिवर्सिटी खोले जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है जिसके बाद राज्य में कुल यूनिवर्सिटी की संख्या 56 हो जाएगी। यह फैसला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में लिया गया। इस प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के साथ ही सरकार ने स्पॉन्सर करने वाले संस्थानों को लेटर ऑफ प्रपोज़ल (LoP) और ऑपरेशनल ऑथराइजेशन जारी करने को भी मंजूरी दे दी है। अब जल्द ही यूनिवर्सिटी निर्माण का कार्य शुरू होगा।
इन जिलों में खुलेंगी यह तीन नई यूनिवर्सिटी
सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक, एक यूनिवर्सिटी कानपुर नगर में खुलेगी जिसमें कृषि शिक्षा पर सरकार का फोकस रहेगा। इस यूनिवर्सिटी को दिल्ली के ‘स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती चैरिटेबल ट्रस्ट’ की ओर से संचालित किया जाएगा। कानपुर में यह यूनिवर्सिटी कानपुर नगर जिले की बिल्हौर तहसील के गडनपुर अहर गांव में 51 एकड़ जमीन पर तैयार होगी।
यूपी होम गार्ड DV/PST एग्जाम के एडमिट कार्ड जारी, यहां डायरेक्ट लिंक से करें डाउनलोड
दूसरी यूनिवर्सिटी गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) क्षेत्र के डासना गांव में खोली जाएगी। इस यूनिवर्सिटी का संचालन ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग सोसाइटी’ की ओर से किया जाएगा। यह यूनिवर्सिटी 26 एकड़ में तैयार होगी।
वहीं तीसरी यूनिवर्सिटी फतेहपुर में खोलने की तैयारी है। इस यूनिवर्सिटी का संचालन ‘एंग्लो संस्कृत कॉलेज’ की ओर से किया जाएगा। यह विश्वविद्यालय फतेहपुर दक्षिण में 20 एकड़ से अधिक के एरिया में तैयार होगा।
2017 तक यूपी में थीं 14 स्टेट यूनिवर्सिटी
बता दें कि इन तीन नई यूनिवर्सिटी के बाद यूपी में कुल यूनिवर्सिटी की संख्या 56 हो जाएगी जो 2017 के बाद से उल्लेखनीय वृद्धि है। यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि तीनों प्रस्तावित यूनिवर्सिटी जरूरी गाइडलाइंस को पूरा करती हैं और उम्मीद है कि वे अच्छी हायर एजुकेशन, रिसर्च की सुविधाएं और रोजगार देने वाले कोर्स छात्रों को मुहैया कराएंगी।
योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि 2017 तक राज्य में केवल 14 स्टेट यूनिवर्सिटीज थीं, जबकि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में 8 नई स्टेट यूनिवर्सिटी बनाई गईं हैं इन 3 नई यूनिवर्सिटीज के जुड़ने के बाद यूपी में प्राइवेट यूनिवर्सिटीज की संख्या बढ़कर अब 56 हो गई है।
