उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने अपने बजट भाषण में इस साल होने वाली भर्तियों से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां साझा की। वित्त मंत्री ने बताया कि इस साल प्रदेश में कुल डेढ़ लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। यह नौकरियां पुलिस, शिक्षा, राजस्व, स्वास्थ्य, आवास विकास, कारागार और बाल विकास जैसे विभागों में होंगी।

पुलिस विभाग में होंगी सबसे अधिक भर्तियां

वित्त मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी विभागों में खाली पड़े पदों की समीक्षा की और उसके बाद करीब डेढ़ लाख सरकारी नौकरियां देने की मंजूरी दी गई। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा भर्तियां पुलिस और शिक्षा विभाग में की जाएंगी। पुलिस विभाग में करीब 50 हजार पदों पर भर्ती होगी जिसमें 30 हजार कांस्टेबल और 5 हजार रिक्तियों सब इंस्पेक्टर की शामिल हैं। 15 हजार के करीब नियुक्तियां अन्य पदों के लिए होंगी।

UP B.Ed JEE 2026 Registration: यूपी बीएड जेईई रजिस्ट्रेशन bujhansi.ac.in पर शुरू, 26 अप्रैल को होगी परीक्षा, जानें आवेदन प्रक्रिया, फीस और पैटर्न

शिक्षा विभाग में भी 50 हजार रिक्तियां

वहीं शिक्षा विभाग में योगी सरकार करीब 50 हजार रिक्त पदों के लिए भर्तियां की जाएंगी जिनमें असिस्टेंट प्रोफेसर, प्रवक्ता और प्रधानाचार्य के पद शामिल हैं। वहीं राजस्व विभाग में 20 हजार पदों पर भर्ती होगी, जिनमें अधिकतर लेखपाल के पद होंगे। अन्य विभागों में करीब 30 हजार पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

10 लाख नौकरियां देने का लक्ष्य जल्द होगा पूरा

बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ने बताया कि हमारी सरकार पिछले साढ़े आठ सालों में 8.5 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां दे चुकी है। 2026 की प्रस्तावित भर्तियों के बाद दस साल में दस लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य पूरा हो जाएगा। वित्त मंत्री ने कहा कि सभी भर्तियां पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की जा रही हैं।फिलहाल कई विभागों में भर्ती के विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और कुछ जगहों पर प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है।