संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने एनडीए, एनए भर्ती परीक्षा-II 2026 और सीडीएस भर्ती परीक्षा-II 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया की डेडलाइन को आगे बढ़ा दिया है। इंडियन आर्मी, नेवी और एयरफोर्स में भर्ती के लिए आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए अभी तक आवेदन की डेडलाइन 9 जून 2026 थी, जिसे आयोग ने मंगलवार को आगे बढ़ा दिया। आयोग की ओर से जारी की गई अधिसूचना के मुताबिक, अब इच्छुक और पात्र कैंडिडेट 11 जून 2026, गुरुवार तक अप्लाई कर सकते हैं। इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in और upsconline.nic.in पर जाकर आवेदन करना होगा।

UPSC का नया अपडेट

आयोग की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि नेशनल डिफेंस एकेडमी और नेवल एकेडमी एग्जामिनेशन-II, 2026 और कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज एग्जामिनेशन-II, 2026 के लिए एप्लीकेशन जमा करने की आखिरी तारीख 11 जून, 2026 को शाम 6.00 बजे तक बढ़ा दी गई है। यह एक्सटेंशन दोनों एग्जामिनेशन पर लागू होता है, जिनके लिए रजिस्ट्रेशन प्रोसेस 20 मई, 2026 को शुरू हुआ था और जिन कैंडिडेट ने अभी तक अपनी एप्लीकेशन पूरी नहीं की है, उन्हें UPSC एप्लीकेशन पोर्टल के जरिए रजिस्टर करने के लिए और समय दिया गया है। परीक्षाएं 13 सितंबर, 2026 को होनी हैं।

नीट यूजी री एग्जाम को लेकर मंथन, पार्लियामेंट्री पैनल के सामने पेश होंगे एनटीए, हेल्थ और शिक्षा विभाग के अधिकारी

कुल वैकेंसी और योग्यता

आयोग इस भर्ती अभियान के जरिए एनडीए में 394 और सीडीएस में 451 रिक्त पदों को भरेगा। 12वीं पास युवा एनडीए-एनए के लिए और ग्रेजुएट युवा सीडीएस के लिए आवेदन कर सकते हैं। एयर फ़ोर्स और नेवल विंग के लिए, एप्लिकेंट्स को फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स के साथ 12वीं पास या समकक्ष होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स का जन्म 1 जनवरी, 2008 और 1 जनवरी, 2011 के बीच हुआ होना चाहिए, जिसमें दोनों तारीखें शामिल हैं।

अप्लाई करने का प्रोसेस

NDA, NA II और CDS II भर्ती परीक्षा के लिए अप्लाई करने के लिए कैंडिडेट्स को UPSC ऑनलाइन एप्लीकेशन पोर्टल पर जाकर सबसे पहले वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) प्रोसेस पूरा करना होगा। इसके बाद फॉर्म सबमिशन की प्रक्रिया आएगी। इसमें उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट अपलोड करने होंगे और आखिर में शुल्क का भुगतान करना होगा। जनरल, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस कैंडिडेट्स के लिए 200 रुपए शुल्क निर्धारित है जबकि एससी, एसटी और महिला उम्मीदवारों के लिए कोई शुल्क नहीं है।