संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (UPSC CSE Prelims) 2026 का आयोजन 24 मई 2026 को देशभर के परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। सरकारी नौकरी के लिए होने वाली इस परीक्षा में शामिल होने जा रहे उम्मीदवारों को आयोग की तरफ से सलाह दी गई है कि वह, अपने ई-एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें।

आयोग के अनुसार, उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए ई-एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी और उसी के साथ उल्लिखित मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। साथ ही अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पर नाम, फोटो और QR कोड जैसी जानकारियां पहले से जांच लेने की सलाह दी गई है।

UPSC CSE Prelims 2026: परीक्षा केंद्र पर एंट्री कब बंद होगी?

UPSC की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रत्येक सत्र शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा। फोरनून सेशन के लिए एंट्री सुबह 9 बजे बंद होगी और आफ्टरनून सेशन के लिए एंट्री दोपहर 2 बजे बंद होगी। ऐसे में उम्मीदवारों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया आराम से पूरी हो सके।

UPSC CSE Prelims 2026: परीक्षा में क्या-क्या लेकर जाएं?

उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर निम्नलिखित जरूरी सामान साथ लेकर जाना होगा:

प्रिंटेड ई-एडमिट कार्ड

मूल फोटो पहचान पत्र

ब्लैक बॉलपॉइंट पेन

पेंसिल

पहचान पत्र

पारदर्शी पानी की बोतल

पासपोर्ट साइज फोटो (जरूरत होने पर)

जिन उम्मीदवारों की फोटो एडमिट कार्ड पर स्पष्ट नहीं है, उन्हें प्रत्येक सत्र के लिए दो पासपोर्ट साइज फोटो और एक अंडरटेकिंग भी साथ ले जानी होगी।

UPSC CSE Prelims 2026: परीक्षा केंद्र पर क्या ले जाना है मना?

UPSC ने परीक्षा केंद्र के अंदर कई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया है। इनमें शामिल हैं:

मोबाइल फोन

स्मार्ट वॉच

ब्लूटूथ डिवाइस

कैमरा

पेजर

पेन ड्राइव

अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स

आयोग ने कहा है कि केवल सामान्य या साधारण रिस्ट वॉच पहनने की अनुमति होगी। कम्युनिकेशन फीचर वाली घड़ियां पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी।

UPSC CSE Prelims 2026: महत्वपूर्ण निर्देश

उम्मीदवार केवल उसी परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दे सकेंगे जो एडमिट कार्ड में दिया गया है।

ब्लैक बॉलपॉइंट पेन के अलावा किसी अन्य पेन से भरे गए उत्तरों का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा।

दोनों प्रश्नपत्रों में गलत उत्तरों पर नेगेटिव मार्किंग लागू होगी।

बैग, कीमती सामान और अन्य मूल्यवान वस्तुएं परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

आयोग ने कहा है कि परीक्षा केंद्र पर सामान सुरक्षित रखने की व्यवस्था उपलब्ध नहीं भी हो सकती है।

अपने स्क्राइब के साथ परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों को स्क्राइब के लिए अलग ई-एडमिट कार्ड साथ रखना होगा।

जिन उम्मीदवारों ने मैट्रिक के बाद अपना नाम बदला है, उन्हें नए नाम वाला सरकारी फोटो आईडी साथ लाना जरूरी होगा।

UPSC CSE Prelims 2026: एक दिन पहले कर लें ये काम

UPSC ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से कम से कम एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का दौरा कर लें ताकि लोकेशन को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा उम्मीदवारों को परीक्षा समाप्त होने के बाद भी एडमिट कार्ड सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है, क्योंकि अंतिम परिणाम घोषित होने तक इसकी आवश्यकता पड़ सकती है।

UPSC CSE Prelims 2026 Answer Key

इस बार पहली बार आयोग प्रारंभिक परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रोविजनल आंसर-की भी जारी करेगा। इससे उम्मीदवार अपने उत्तरों का मिलान कर सकेंगे।