संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2026 (प्रीलिम्स) के लिए रजिस्ट्रेशन की लास्ट को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। सीएसई प्रीलिम्स के लिए रजिस्ट्रेशन विंडो आज (24 फरवरी 2026) शाम 6 बजे बंद हो रही थी, लेकिन आयोग ने इसे आगे बढ़ा दिया है। अब इच्छुक और पात्र कैंडिडेट्स 27 फरवरी 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं। आयोग ने डेडलाइन को बढ़ाने का फैसला पोर्टल पर आ रही तकनीकी दिक्कतों और हैवी लोड की वजह से लिया है।
IFS के लिए भी आगे बढ़ी डेडलाइन
आयोग ने सीएसई 2026 प्रीलिम्स के साथ-साथ इंडियन फॉरेस्ट सर्विस एग्जामिनेशन 2026 के लिए भी रजिस्ट्रेशन की लास्ट डेट को आगे बढ़ा दिया है। अभी तक जो कैंडिडेट डेडलाइन के आखिरी दिन वेबसाइट स्लो जैसी तकनीकी दिक्कतों की वजह से रजिस्ट्रेशन नहीं कर पा रहे थे वह अब 27 फरवरी तक आराम से फॉर्म भर सकते हैं।
अब डेडलाइन से पहले भर लें फॉर्म
बता दें कि आयोग की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन के आखिरी दिन हैवी लोड की वजह से कैंडिडेट्स को तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। आखिरी समय में रजिस्ट्रेशन में आई बढ़ोतरी के कारण सिस्टम में कुछ समय के लिए दिक्कतें आना शुरू हो गई थीं जिसके बाद आयोग ने डेडलाइन को बढ़ाने का निर्णय लिया। जिन कैंडिडेट्स ने अभी तक OTR पूरा नहीं किया है, उन्हें एप्लीकेशन फॉर्म एक्सेस करने से पहले पहले रजिस्टर करना होगा। एप्लिकेंट्स को सलाह दी गई है कि टेक्निकल दिक्कतों से बचने के लिए वे रिवाइज्ड डेडलाइन से काफी पहले प्रोसेस पूरा कर लें।
एग्जाम डेट और चयन प्रक्रिया
UPSC CSE प्रीलिम्स 2026 का आयोजन केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों में खाली पड़े 933 प्रशासनिक पदों को भरने के लिए किया जाएगा। CSE और IFS दोनों में भर्ती एक कॉमन प्रीलिम्स एग्जामिनेशन के जरिए की जाएगी। यह परीक्षा 24 मई को आयोजित की जाएगी।
यह परीक्षा चयन प्रक्रिया का पहला चरण होगी। इस परीक्षा के बाद एक मेन्स परीक्षा आयोजित होगी और उसके बाद इंटरव्यू राउंड होगा। इंटरव्यू के बाद शॉर्टलिस्ट किए गए कैंडिडेट्स का फाइनल अपॉइंटमेंट से पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल एग्जामिनेशन होगा।
रजिस्ट्रेशन करने के लिए इन स्टेप्स को करें फॉलो
स्टेप 1: कैंडिडेट सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट upsconline.nic.in पर जाएं।
स्टेप 2: अगर पहले से नहीं किया है, तो वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करें।
स्टेप 3: लॉग इन करें और CSE 2026 या IFS 2026 एप्लीकेशन लिंक चुनें।
स्टेप 4: पर्सनल, एकेडमिक और कॉन्टैक्ट डिटेल्स भरें।
स्टेप 5: फोटो, सिग्नेचर और ज़रूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें।
स्टेप 6: अगर लागू हो, तो ऑनलाइन फीस पे करें।
स्टेप 7: फॉर्म को रिव्यू करें और सबमिट करें।
स्टेप 8: भविष्य के रेफरेंस के लिए कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करें और उसका प्रिंट आउट निकाल लें।
इस बार परीक्षा में क्या अलग होगा?
संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2026 के लिए एक नया सिस्टम लागू किया है। यूपीएससी की सभी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवारों का परीक्षा केंद्र पर फेस ऑथेंटिकेशन किया जाएगा। सभी भर्ती परीक्षाओं से पहले आर्टिशियल इंटेलिजेंस (AI) सभी परीक्षार्थियों का ‘फेस टेस्ट’ यानी ‘फेस ऑथेंटिकेशन’ किया जाएगा। एआई फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए जालसाजों को पकड़ा जा सकेगा और परीक्षा की शुचिता पहले से सुरक्षित होगी।
