UPSC CSE 2026 Notification, New Changes, Qualification, Online Form Date: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2026 के नोटिफिकेशन में बड़े और सख्त बदलाव किए हैं। इन बदलावों का सीधा असर उन उम्मीदवारों पर पड़ेगा जो पहले ही आईएएस, आईएफएस, आईपीएस या अन्य ग्रुप ‘ए’ सेवाओं में चयनित हो चुके हैं और दोबारा परीक्षा देकर रैंक सुधारना चाहते थे। यूपीएससी ने अब दोबारा प्रयास को लेकर स्पष्ट नियम बना दिए हैं और पहले मौजूद कई छूटों को खत्म कर दिया है।

IAS और IFS अधिकारियों पर पूरी तरह रोक

यूपीएससी द्वारा जारी किए गए आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, जो उम्मीदवार पहले किसी परीक्षा के आधार पर IAS या IFS में नियुक्त हो चुके हैं और अभी सेवा में हैं, वे CSE 2026 में किसी भी स्तर पर शामिल नहीं हो सकते।

यदि प्रीलिम्स के बाद लेकिन मेन्स से पहले आईएएस/आईएफएस में नियुक्ति हो जाती है, तो वह मेन्स नहीं दे सकेंगे।

यदि मेन्स शुरू होने के बाद लेकिन फाइनल रिजल्ट से पहले नियुक्ति होती है, तो वह सीएसई 2026 से बाहर हो जाएंगे।

दोबारा परीक्षा देने के लिए इस्तीफा देना अनिवार्य होगा और आईपीएस अधिकारी आईपीएस के लिए दोबारा योग्य नहीं माने जाएंगे।

जो उम्मीदवार पहले ही आईपीएस में चयनित या नियुक्त हो चुके हैं, वे सीएसई 2026 के जरिए दोबारा आईपीएस नहीं ले सकते। हालांकि, वे अन्य सेवाओं (आईएएस/आईएफएस छोड़कर) के लिए प्रतियोगिता में बने रह सकते हैं। यह रोक केवल IPS सेवा तक सीमित है, पूरी परीक्षा पर लागू नहीं होगी।

CSE 2026 चयनित उम्मीदवारों को एक बार सुधार का मौका

सीएसई 2026 के जरिए आईपीएस या सेंट्रल ग्रुप ए सेवा पाने वाले उम्मीदवारों को एक बार अगली परीक्षा (सीएसई 2027) देने की अनुमति होगी, लेकिन शर्तों के साथ,जो इस प्रकार हैं।

उन्हें 2026 की ट्रेनिंग जॉइन करने से छूट लेनी होगी और यह छूट सिर्फ एक बार मिलेगी।

2027 में चयन होने पर उम्मीदवार 2026 या 2027 में से एक सेवा चुन सकता है, जिसमें दोनों में से एक को छोड़ना अनिवार्य होगा।

2028 या उसके बाद परीक्षा देने के लिए इस्तीफा देना जरूरी होगा और यदि उम्मीदवार न तो ट्रेनिंग जॉइन करता है और न ही छूट लेता है, तो 2026 का चयन रद्द कर दिया जाएगा।

CSE 2025 या उससे पहले चयनित उम्मीदवारों के लिए विशेष राहत

जो उम्मीदवार CSE 2025 या उससे पहले किसी सेवा में चयनित हो चुके हैं, उन्हें एक बार बिना इस्तीफा दिए सीएसई 2026 या सीएसई 2027 में से किसी एक में बैठने की अनुमति होगी लेकिन CSE 2028 से आगे प्रयास करने के लिए इस्तीफा अनिवार्य होगा।

UPSC के इस फैसले का क्या मतलब है?

आयोग ने अब “बार-बार परीक्षा देकर रैंक सुधारने” का रास्ता लगभग बंद कर दिया है,जो सिस्टम में स्थिरता और ट्रेनिंग वेस्टेज रोकने की अच्छी कोशिश है। इस कदम के बाद अब केवल
गंभीर उम्मीदवारों को ही दोबारा मौका मिलेगा क्योंकि सेवा में रहते हुए अनिश्चितता खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

Jansatta Education Expert Advice

ये नियम केवल UPSC CSE पर लागू हैं, अन्य UPSC परीक्षाओं (जैसे IES, CDS) पर नहीं और नियमों का उल्लंघन करने पर सेवा और भविष्य की पात्रता दोनों खतरे में पड़ सकती हैं। इसलिए उम्मीदवारों को DOPT और UPSC की अधिसूचनाएं नियमित रूप से पढ़ने की सलाह दी जाती है।

UPSC CSE 2026 FAQs: यूपीएससी सीएसई 2026 के बारे में लगातार पूछे जाने वाले सवाल

Q1. क्या IAS अधिकारी इस्तीफा देकर CSE 2026 दे सकते हैं?
A. हां, लेकिन इस्तीफा परीक्षा फॉर्म भरने से पहले प्रभावी होना चाहिए।

Q2. क्या IPS अधिकारी CSE 2026 दे सकते हैं?
A. हां, लेकिन IPS सेवा दोबारा नहीं ले सकते।

Q3. क्या CSE 2026 में चयनित उम्मीदवार 2028 में फिर बैठ सकते हैं?
A. नहीं, जब तक वे सेवा से इस्तीफा न दें।

Q4. क्या ये नियम केवल नए उम्मीदवारों पर लागू हैं?
A. नहीं, पहले से सेवा में मौजूद उम्मीदवारों पर भी लागू होंगे।

Q5. क्या यह नियम कोर्ट में चुनौती दी जा सकती है?
A. कानूनी रूप से चुनौती संभव है, लेकिन फिलहाल UPSC के नियम लागू रहेंगे।

UPSC CSE 2026 Notification PDF