हंसना मनुष्य की सहज प्रवृत्ति है। कभी कोई बात हमें खुशी देती है तो हंसी आती है, कभी किसी की मजेदार बात पर हम मुस्कुरा देते हैं और कभी किसी की गलती या कमजोरी को देखकर लोग हंसने लगते हैं, लेकिन क्या हर हंसी का भाव एक जैसा होता है?
हिंदी में हंसी के भाव को व्यक्त करने के लिए ‘हास’ शब्द का प्रयोग किया जाता है, जबकि किसी की खिल्ली उड़ाने या उसे हंसी का पात्र बनाने के लिए ‘उपहास’ शब्द इस्तेमाल होता है। दोनों शब्दों में केवल एक उपसर्ग का अंतर दिखाई देता है, लेकिन इनके अर्थ और भाव में बड़ा अंतर है। जनसत्ता.कॉम की सही हिंदी की इस कड़ी में इसी अंतर को समझते हैं।
हास का अर्थ
‘हास’ का अर्थ हंसी है अथवा हंसना या हंसने का भाव। यह शब्द किसी के प्रसन्न होने, मुस्कुराने या हंसने की स्थिति को व्यक्त करता है। साहित्य में भी हास का संबंध हंसी और विनोद से है। भारतीय काव्यशास्त्र में हास का संबंध हास्य रस से भी है। हास्य रस का स्थायी भाव हास माना गया है। जब किसी बात, व्यवहार या परिस्थिति से हंसी उत्पन्न होती है, तब हास्य रस की अनुभूति होती है।
उपहास का अर्थ
‘उपहास’ का अर्थ किसी व्यक्ति की खिल्ली उड़ाना, उसका मजाक बनाना या उसे हंसी का पात्र बनाना है। इसमें अक्सर किसी की कमजोरी, गलती, व्यवहार या परिस्थिति को लेकर उसे नीचा दिखाने का भाव शामिल होता है। इसी तरह किसी की आर्थिक स्थिति, पहनावे, भाषा या शारीरिक बनावट को लेकर उसे सबके सामने शर्मिंदा करना भी उपहास है।
हास और उपहास में अंतर
‘हास’ और ‘उपहास’ दोनों शब्दों का संबंध हंसी से है, लेकिन इनके भाव अलग-अलग हैं। हास हंसी या हंसने की सामान्य स्थिति को व्यक्त करता है। इसमें किसी का अपमान करने या उसे नीचा दिखाने का भाव होना जरूरी नहीं है।
इसके विपरीत उपहास में किसी व्यक्ति या उसकी किसी विशेषता को हंसी का विषय बनाने का भाव प्रमुख होता है। ऐसे में यह कहना सही होगा कि हर हास उपहास नहीं होता, लेकिन उपहास में हंसी या हंसने का भाव शामिल हो सकता है, इसलिए इन शब्दों का प्रयोग संदर्भ के अनुसार करना चाहिए, क्योंकि इनके अर्थ और भाव में सूक्ष्म अंतर हो सकता है।
उपहास के उदाहरण
- कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण उसे सहपाठियों के उपहास का सामना करना पड़ा।
- किसी की मजबूरी को मनोरंजन का विषय बनाना उसके प्रति उपहासपूर्ण व्यवहार है।
- शिक्षक के बोलने के तरीके की नकल उतारकर विद्यार्थियों ने उनका उपहास किया।
हास के उदाहरण
- कवि ने अपनी रचना में हास के माध्यम से जीवन की सहजता को व्यक्त किया।
- उसकी बातों में ऐसा हास्य था कि कोई भी अपनी हंसी नहीं रोक पाया।
- बच्चे की मासूम हंसी देखकर सभी के चेहरे पर मुस्कान आ गई।
अभिप्राय: हंसना और किसी पर हंसना एक बात नहीं
हंसी जीवन को सहज और आनंदपूर्ण बनाती है। किसी की खुशी में शामिल होना, उसकी मजेदार बात पर हंसना या किसी परिस्थिति के हास्यपूर्ण पहलू को समझना सामान्य मानवीय व्यवहार है, लेकिन जब यही हंसी किसी व्यक्ति की कमजोरी, परेशानी या असफलता को निशाना बनाने लगे तो उसका स्वरूप बदल जाता है।
‘हास’ और ‘उपहास’ के बीच का अंतर इसी भाव में छिपा है। हास जहां हंसी की सहज अभिव्यक्ति है। वहीं उपहास किसी को हंसी का विषय बनाने की प्रवृत्ति को दर्शाता है, इसलिए किसी पर हंसने और किसी के साथ हंसने के अंतर को समझना जरूरी है। हंसी तभी तक आनंददायक है, जब तक वह किसी दूसरे की गरिमा और सम्मान को ठेस न पहुंचाए। हिंदी की यह खूबसूरती है, एक शब्द और अर्थ की पूरी दुनिया।
सही हिंदी 61: क्या अतिशयोक्ति हमेशा झूठ होती है? जानें अतिशयोक्ति का अर्थ और प्रयोग
क्या अतिशयोक्ति हमेशा झूठ होती है? किसी बात को बढ़ा-चढ़ाकर कहना अतिशयोक्ति कहलाता है, लेकिन इसका प्रयोग केवल झूठ बोलने के लिए नहीं होता। (अतिशयोक्ति का सही अर्थ, प्रतिदिन के उदाहरण, साहित्य में इसका महत्त्व और अतिशयोक्ति अलंकार की विशेषताएं जानने के लिए क्लिक करें)
