उत्तर प्रदेश के 60 जिलों में 955 सेंटर्स पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2026 की शुरुआत 2 जुलाई 2026 से हो रही है। यह परीक्षा प्रदेश में 02, 03 और 04 जुलाई को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में 19 लाख से अधिक उम्मीदवारों के शामिल होने का अनुमान है क्योंकि परीक्षा के लिए कुल 19,94,661 कैंडिडेट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

एग्जाम टाइमिंग और रिपोर्टिंग टाइम

यूपी टीईटी एग्जाम हर दिन दो शिफ्ट में आयोजित किया जाएगा। पेपर 1 सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगा तो वहीं पेपर 2 दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा। कैंडिडेट्स को हर पेपर के शुरू होने से कम से कम 45 मिनट पहले सेंटर पर पहुंचना होगा नहीं तो उसके बाद एंट्री नहीं मिलेगी। आयोग के अनुसार, पहली शिफ्ट परीक्षा केंद्र का गेट सुबह 8:45 बजे और दूसरी पारी के लिए 1:45 बजे बंद कर दिया जाएगा।

एग्जाम सेंटर पर इन चीजों का ले जाना है बैन

यूपी टीईटी एग्जाम में शामिल होने वाले कैंडिडेट्स को यह ध्यान रखना है कि सेंटर पर क्या लेकर जाना है क्या लेकर नहीं जाना है। अभ्यर्थी सेंटर पर किसी तरह का मोबाइल फोन, टैबलेट, पेन डाईव, हार्ड डिस्क, डेटा कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन या फिर किसी भी तरह की हैंड वॉच, एटीएम कार्ड, कोई इलेक्ट्रिक धातु, कान में लगी कोई डिवाइस, कागज पर बनी सारणियां ग्राफ शीट, मानचित्र, स्लाइड रूल्स लेकर नहीं जा सकते। यह सभी पूरी तरह प्रतिबंधित है।

UPTET 2026: इन-सर्विस शिक्षकों के लिए अलग आयोजित होगा यूपीटीईटी, सीएम योगी का बड़ा आदेश, 2 जुलाई से शुरू होगी परीक्षा

सेंटर पर क्या ले जा सकते हैं?

यूपी टीईटी एग्जाम सेंटर पर कैंडिडेट्स को सिर्फ एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी, एक वैलिड आईडी प्रूफ जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या फिर ड्राइविंग लाइसेंस ले जा सकते हैं। इसके अलावा 3 पासपोर्ट साइज फोटो और एक ब्लैक बॉलपाइंट पैन ले जा सकते हैं।

ड्रेस कोड क्या होना चाहिए?

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने ड्रेस कोड को लेकर कुछ विशेष निर्देश तो नहीं जारी किया है, लेकिन उम्मीदवारों को यह सलाह दी जाती है कि वह सिंपल और कंफर्टेबल कपड़े पहनकर ही सेंटर पर जाएं। आपके कपड़े ऐसे होने चाहिए जिसमें जेबें अधिक न हो। कपड़ों का रंग ज्यादा डार्क न हो।

इसके अलावा भारी सोल वाले जूतों की जगह आरामदायक फ्लैट चप्पल या साधारण जूते पहनें। एग्जाम सेंटर पर आप धार्मिक वस्त्र पहनकर जा सकते हैं, लेकिन इसके लिए आपको जल्दी पहुंचना होगा ताकि सुरक्षा जांच के बाद आपको एंट्री मिलने में देरी न हो। एग्जाम सेंटर पर किसी तरह का आभूषण पहनकर जाने की अनुमति नहीं है।

आंसर शीट पर व्हाइटनर, ब्लेड या रबर का नहीं करें इस्तेमाल

इसके अलावा व्हाइटनर, ब्लेड या रबर आदि से आंसर शीट पर कुछ मिटाना प्रतिबंधित है। यदि आंसर शीट में कोई गोलों को सही से काला नहीं किया जाता है या कोई भी सूचना त्रुटिपूर्ण भरी जाती है तो उसका मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पत्रक की प्रतियों को अभ्यर्थी स्वयं अलग नहीं करेंगे। अभ्यर्थी को सभी पत्रक जुड़ी हुई स्थिति में अंतरीक्षक को सौंपनी होंगी।

एग्जाम सेंटर्स पर होगी बायोमेट्रिक जांच

यूपी टीईटी एग्जाम में शामिल होने वाले कैंडिडेट को सलाह दी जाती है कि वह सेंटर पर कम से कम 45 मिनट पहले पहुंचे। एग्जाम सेंटर पर अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक डेटा कैप्चरिंग की प्रक्रिया से गुजरना होगा। सेंटर्स पर इसके लिए मुख्य द्वार पर टीमें तैनात की जाएंगी। तकनीकी टीमों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी अभ्यर्थी के बायोमेट्रिक डेटा कैप्चरिंग में सामान्यतः एक मिनट से अधिक का समय न लगे ताकि परीक्षा में कोई अड़चन न पैदा हो।