उत्तर प्रदेश में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित तथा मान्यता प्राप्त विद्यालयों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों को 24 जून 2026 तक बढ़ाने का आदेश जारी किया है। अब प्रदेश के स्कूल 25 जून 2026 से पुनः संचालित होंगे।

बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पहले स्कूल मंगलवार को खुलने वाले थे लेकिन नए आदेश के बाद छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं।

हर साल 20 मई से 24 जून तक रहेगा ग्रीष्मावकाश

सरकार ने शैक्षणिक कैलेंडर में भी बदलाव किया है और इस नए आदेश के अनुसार अब प्रत्येक वर्ष 20 मई से 24 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा, जबकि नियमित कक्षाएं 25 जून से शुरू होंगी। इससे पूरे प्रदेश में अवकाश की अवधि एक समान रहेगी और जिला स्तर पर बार-बार छुट्टियां बढ़ाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

22 से 24 जून तक स्कूल आएंगे शिक्षक और कर्मचारी

आदेश के मुताबिक शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और गैर-शिक्षण कर्मचारी 22 जून से 24 जून तक विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियां पूरी की जाएंगी।

तैयारियों में पाठ योजना बनाना, मिड-डे मील व्यवस्था, पाठ्यपुस्तकों का वितरण, स्कूल प्रबंधन समिति की बैठकें, बाल वाटिका कक्षाओं की तैयारी, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई तथा खेल सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना शामिल है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होंगे सामूहिक योग कार्यक्रम

सरकार ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए हैं। इन कार्यक्रमों में शिक्षक और छात्र दोनों भाग लेंगे।

आरटीई के प्रावधानों का पालन करने के निर्देश

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में न्यूनतम 220 कार्य दिवस और नियमित शिक्षण गतिविधियां सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसी कारण जिलाधिकारियों को स्थानीय अवकाश घोषित करते समय इन प्रावधानों का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

स्कूलों में बिजली और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

सरकार ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिया है कि छात्रों के लिए निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि गर्मी के मौसम में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

UP School Reopen Date 2026

ग्रीष्मकालीन अवकाश: 20 मई से 24 जून 2026 तक

शिक्षकों की उपस्थिति: 22 जून से 24 जून 2026

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम: 21 जून 2026

स्कूल खुलने की तिथि: 25 जून 2026

राज्य सरकार का मानना है कि बढ़ती गर्मी के बीच यह फैसला विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के हित में है। साथ ही इससे प्रदेशभर के विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में एकरूपता भी आएगी।