उत्तर प्रदेश में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा समाप्त हो चुकी हैं और करीब 58 लाख स्टूडेंट्स को रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार रहेगा। यूपी में इस साल कक्षा 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हुई थीं और दोनों कक्षाओं की परीक्षा 12 मार्च को ही समाप्त हुई। परीक्षा समाप्त होने के बाद अगला काम कॉपियों की जांच का होता है और बोर्ड इस प्रक्रिया की शुरुआत भी 18 मार्च से करने जा रहा है और यह प्रक्रिया 31 मार्च तक चलेगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के अगले 15-20 दिन बाद रिजल्ट जारी कर दिया जाता है।
इस साल नए सिस्टम के साथ होगी कॉपियों की चेकिंग
यूपी बोर्ड ने इस साल कॉपियों की चेकिंग में नया सिस्टम लागू किया है। बोर्ड ने इस बार स्टेप मार्किंग सिस्टम लागू किया गया है। यानी अगर कोई स्टेप सही है तो आंशिक अंक मिलेंगे। इससे छात्रों को फायदा होगा और रिजल्ट ज्यादा सही और पारदर्शी बनेगा। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने परीक्षकों को निर्देश दिया है कि केवल अंतिम उत्तर के आधार पर नंबर न दिए जाएं बल्कि स्टूडेंट्स ने जवाब लिखते वक्त दिए सही फॉर्मूला, स्टेप और मेथड के भी नंबर दिए जाएं। इससे छोटी गणना की गलती होने पर भी छात्रों को आंशिक अंक मिल सकेंगे।
इस साल कब आ सकता है यूपी बोर्ड का रिजल्ट?
पिछले साल के ट्रेंड के आधार पर देखें तो यूपी बोर्ड का रिजल्ट कॉपियों की जांच पूरी होने के बाद 15-16 दिन बाद जारी हो जाएगा। इस हिसाब से इस साल यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 2026 15-20 अप्रैल के बीच में जारी हो सकता है। रिजल्ट जारी होने के बाद स्टूडेंट्स उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर चेक कर सकेंगे। पिछले साल यूपी बोर्ड (कक्षा 10वीं और 12वीं) का रिजल्ट 25 अप्रैल 2025 को दोपहर 12:30 बजे के करीब घोषित हुआ था।
यूपी बोर्ड रिजल्ट: पिछले पांच साल का ट्रेंड
| साल | तारीख |
| 2025 | 25 अप्रैल |
| 2024 | 20 अप्रैल |
| 2023 | 25 मई |
| 2022 | 29 अप्रैल |
| 2021 | 14 जुलाई (12वीं), 29 जुलाई (10वीं) |
यूपी बोर्ड का रिजल्ट इन वेबसाइट्स पर कर सकते हैं चेक
upresults.nic.in
upmsp.edu.in
results.upmsp.edu.in
upmspresults.up.nic.in
results.gov.in
results.nic.in
इस बार स्टूडेंट्स को मिलेगी हाईटेक मार्कशीट
इस साल यूपी बोर्ड एग्जाम में बैठने वाले स्टूडेंट्स को जो मार्कशीट मिलेगी वह काफी हाईटेक रहने वाली है। बोर्ड ने इस साल से मिलने वाली मार्कशीट को काफी हाईटेक बना दिया है। बोर्ड ने इस बार से मार्कशीट को 16 तरह के सिक्योरिटी फीचर्स से लैस कर दिया है। इसमें इस बार की मार्कशीट में रेनबो प्रिंटिंग और खास वॉटरमार्क का इस्तेमाल किया गया है।
अब यूपी बोर्ड की मार्कशीट की कोई भी जालसाज फोटोकॉपी करके या एडिटिंग करके असली जैसी मार्कशीट नहीं बना पाएगा। साथ ही अब यूपी बोर्ड की मार्कशीट न फटेगी और न ही पानी में गलेगी। मार्कशीट को बनाने में मजबूत मेटेरियल का इस्तेमाल किया गया है जिससे की मार्कशीट फटेगी भी नहीं। मार्कशीट का पेपर A4 साइज का होगा।
