उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की कंपार्टमेंट और इम्प्रूवमेंट परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। UPMSP के मुताबिक, क्लास 10वीं और 12वीं की कंपार्टमेंट और इम्प्रूवमेंट परीक्षा 28 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। बता दें कि इसी दिन सीबीएसई बोर्ड कक्षा 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। हालांकि दोनों परीक्षा अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित होगी।
अलग-अलग शिफ्ट में होगी परीक्षा
बोर्ड के शेड्यूल के मुताबिक, 28 जुलाई को 10वीं का पेपर सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक होगा। वहीं 12वीं का पेपर दोपहर 2:00 बजे से लेकर शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगा। बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के इंटरनल असेसमेंट और प्रोजेक्ट-बेस्ड प्रैक्टिकल एग्जाम की भी तारीख का ऐलान कर दिया है। यह एग्जाम 16-17 जुलाई को होगा।
पास होने के लिए कितने चाहिए मार्क्स?
UP बोर्ड क्लास 10वीं और क्लास 12वीं के इम्प्रूवमेंट और कंपार्टमेंट एग्जाम डिस्ट्रिक्ट इंस्पेक्टर ऑफ स्कूल्स (DIOS) द्वारा डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर पर तय किए गए एग्जाम सेंटर पर होंगे। स्टूडेंट्स को UPMSP द्वारा जारी गाइडलाइन्स को फॉलो करने की सलाह दी जाती है। UP बोर्ड के स्टूडेंट्स को पास होने के लिए हर सब्जेक्ट में कम से कम 33% मार्क्स लाने होंगे।
एग्जाम को लेकर बोर्ड की गाइडलाइंस
– परीक्षा केंद्र पर स्टूडेंट्स, सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर, टीचर और नॉन-टीचिंग स्टाफ को ही जाने की परमिशन होगी। इसके अलावा किसी को एंट्री नहीं मिलेगी।
– एग्जाम सेंटर के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच या कोई दूसरा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की इजाजत नहीं है।
– एग्जाम के दौरान सभी एग्जाम रूम में राउटर और वॉयस रिकॉर्डर वाले CCTV कैमरे चालू होने चाहिए।
– मेन एग्जाम की तरह, क्वेश्चन पेपर डबल-लॉक वाली अलमारियों में तय स्ट्रांग रूम में होने चाहिए।
– एग्जाम रूम की 24/7 निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए परीक्षा सेंटर को CCTV सर्विलांस से लेस किया जाएगा। क्वेश्चन पेपर के पैकेट CCTV सर्विलांस में एक्सटर्नल एक्सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर, सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर और स्टेट मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खोले और बांटे जाने चाहिए।
सीबीएसई 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा भी इसी दिन
28 जुलाई को यूपी बोर्ड के साथ-साथ सीबीएसई कक्षा 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। सीबीएसई बोर्ड ने हाल ही में लिस्ट ऑफ कैंडिडेट (LOC) जमा कराने के लिए स्कूलों को निर्देश जारी किया था। यह प्रक्रिया 8 जुलाई तक स्कूलों की ओर से पूरी की जाएगी। इसके बाद 28 जुलाई को एग्जाम होगा। 28 जुलाई को सीबीएसई बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षा कराने को लेकर विवाद भी हो रहा है क्योंकि स्टूडेंट्स का कहना है कि बोर्ड की ओर से एग्जाम काफी लेट आयोजित किया जा रहा है। इससे हमारे आगे कहीं एडमिशन लेने की प्रक्रिया में मुश्किलें आएंगी।
