UPMSP UP Board 10th, 12th Time Table 2027: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी 2027 तक चलेंगी। सोमवार, 12 अक्टूबर को जारी सरकारी सूचना के मुताबिक, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं एक साथ आयोजित की जाएंगी।

बोर्ड ने परीक्षा का टाइमटेबल जारी करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इसकी जानकारी ज्यादा से ज्यादा छात्रों और लोगों तक पहुंचाई जाए। इस बार बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित अवधि में पूरी कराने की तैयारी है। परीक्षा के लिए 10वीं और 12वीं के कुल 52 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

UP Board 10th Date Sheet 2027 Direct Link

UP Board 12th Date Sheet 2027 Direct Link

5 फरवरी को हिंदी से शुरू होंगी परीक्षाएं

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की ओर से 12 अक्टूबर 2026 को जारी सरकारी सूचना के मुताबिक, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं एक साथ शुरू होंगी। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी।

परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, 5 फरवरी को पहली पाली में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की हिंदी की परीक्षा होगी। वहीं, 24 फरवरी को अंतिम दिन संस्कृत और कृषि विषय की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे विषयवार परीक्षा तिथियों की जानकारी के लिए ऑफिशियल डेटशीट देखें।

52 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने कराया रजिस्ट्रेशन

यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 52,04,713 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पिछले साल यानी 2026 में यह संख्या 53,37,432 थी। इस तरह पिछले साल के मुकाबले इस बार कुल 1,32,719 परीक्षार्थी कम हुए हैं। कक्षा 10वीं में रजिस्ट्रेशन कराने वाले विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है, जबकि 12वीं में परीक्षार्थियों की संख्या घटी है।

यूपी बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, 2027 की हाईस्कूल परीक्षा के लिए 27,75,741 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। 2026 में यह संख्या 27,61,972 थी। यानी इस बार 10वीं में 13,769 परीक्षार्थी बढ़े हैं।

इसके उलट, इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए इस बार 24,28,972 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पिछले साल यह संख्या 25,75,460 थी। इस तरह 12वीं में 1,46,488 परीक्षार्थी कम हुए हैं।

ऐसे डाउनलोड करें यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट

यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी ऑफिशियल वेबसाइट के माध्यम से परीक्षा कार्यक्रम देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें:

स्टेप 1. सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाएं।

स्टेप 2. वेबसाइट के होमपेज पर परीक्षा कार्यक्रम या टाइमटेबल से संबंधित लिंक तलाशें।

स्टेप 3. हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 की डेटशीट के लिंक पर क्लिक करें।

स्टेप 4. परीक्षा कार्यक्रम की पीडीएफ फाइल खुलने पर विषयवार तिथियां ध्यान से देखें।

डेटशीट डाउनलोड कर लें और जरूरत के अनुसार उसका प्रिंटआउट निकाल लें, ताकि परीक्षा की तैयारी के दौरान तारीखों को आसानी से देखा जा सके।

    विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा कार्यक्रम में दिए गए विषयों, तारीखों और समय का ध्यानपूर्वक मिलान करें। किसी भी बदलाव या अतिरिक्त सूचना के लिए यूपी बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी अपडेट देखते रहें।

    यह भी पढ़ें: BTEUP Re-evaluation Result 2026 जारी, जून परीक्षा का रिजल्ट bteup.ac.in पर ऐसे करें चेक

    बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन उत्तर प्रदेश (BTEUP) ने जून 2026 की परीक्षाओं के लिए री-इवैल्यूएशन रिजल्ट जारी कर दिया है। जिन विद्यार्थियों ने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच के लिए आवेदन किया था, वे अब ऑनलाइन अपना संशोधित परिणाम देख सकते हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।